Dilip Vengsarkar on Playing XI Selection: भारत और न्यूजीलैंड के बीच टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला वेलिंगटन के बेसिन रिजर्व में खेला गया, जो ड्रॉ पर समाप्त हुआ है। इस मैच में भारत को जीत के लिए पांचवें दिन 8 विकेट निकालने थे, लेकिन भारतीय गेंदबाज सिर्फ 5 कीवी बल्लेबाजों को अपना शिकार बना पाए।
इस मैच में अनुभवी तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज और दिग्गज स्पिनर रवींद्र जडेजा को प्लेइंग इलेवन में स्थान नहीं मिला, और इसके चलते टीम मैनेजमेंट पर टीम सेलेक्शन को लेकर कई गंभीर सवाल पूछे गए। इसी बीच भारत के पूर्व कैप्टन और चीफ सेलेक्टर ने वर्तमान चयनकर्ताओं को निशाने पर लिया, और उनकी जिम्मेदारी से अवगत करवाया।
11 चुनने में चयनकर्ता का रोल अहम
भारत के पूर्व कप्तान और चीफ सेलेक्टर दिलीप वेंगसरकर ने टाइम ऑफ इंडिया को बताया कि एक सिलेक्टर का कार्य सिर्फ एक ऑब्जर्वर का नहीं होता, बल्कि उन्हें प्लेइंग इलेवन चुनने के प्रोसेस का हिस्सा होना चाहिए। वेंगसरकर ने कहा,
“जब मैं सिलेक्शन कमिटी का चेयरमैन था, तो अगर पांच लोगों की कमिटी का कोई भी सदस्य टूर पर जाता था, तो वह कप्तान और उप-कप्तान के साथ सिलेक्शन मीटिंग की अध्यक्षता करता था। मीटिंग मैनेजर बुलाता था। तो, अपने आप, मीटिंग की अध्यक्षता करने वाले सिलेक्टर को प्लेइंग इलेवन पर अपनी बात कहने का हक था। मीटिंग में सिलेक्टर, कोच, कैप्टन और वाइस-कैप्टन शामिल होने चाहिए और इसे मैनेजर बुलाए।”
कैप्टन उनसे सलाह नहीं लेते- वेंगसरकर
पूर्व चीफ सिलेक्टर वेंगसरकर ने एक दौरे का एक किस्सा याद किया, जिसमें शामिल कैप्टन या कोच का नाम लिए बिना, यह दिखाया गया कि एक मजबूत सिलेक्टर एक जरूरी बैलेंसिंग मौजूदगी कैसे बन सकता है। पूर्व कप्तान ने कहा,
“कोच ने मुझसे कहा कि मैं मामला सुलझा लूं क्योंकि उन्हें बुरा लगा क्योंकि कैप्टन इलेवन चुनते समय उनसे बिल्कुल भी सलाह नहीं ले रहे थे। मैं कैप्टन के बगल में बैठा और उनसे कहा, ‘मैं आपके और वाइस-कैप्टन के साथ मीटिंग की अध्यक्षता करूंगा, और मैनेजर इसे बुलाएगा।’ कैप्टन तुरंत मान गए और कहा, ‘अगर आप मीटिंग की अध्यक्षता कर रहे हैं, तो मुझे कोई दिक्कत नहीं है।”
11 चुनते समय अलग राय जरूरी- पूर्व कप्तान
भारत के पूर्व कप्तान दिलीप वेंगसरकर का मानना है कि प्लेइंग इलेवन का चुनाव करते समय अलग राय होना बेहद जरूरी है। उनका मानना है कि इलेवन चुनने की जिम्मेदारी पूरी तरह से कप्तान या कोच पर नहीं छोड़ना चाहिए। उन्होंने कहा,
“अगर आप ग्यारह चुनने का अधिकार सिर्फ कोच और कैप्टन को देते हैं, तो वे आम तौर पर हमेशा एक ही पेज पर होते हैं। इससे उन्हें अपनी पसंद और नापसंद बताने की गुंजाइश मिलती है। दौरे पर सिलेक्टर को न्यूट्रल आवाज बनने दें। अगर यह 50-50 का फैसला है, तो सिलेक्टर को हमेशा कैप्टन के साथ जाना चाहिए। लेकिन अगर आपको कुछ साफ तौर पर गलत लगता है, तो उसे अपनी बात रखनी चाहिए।”
ये भी पढ़ें- IPL 2027 ऑक्शन में 2 इंडियन प्लेयर्स ने कराया 2 करोड़ में रजिस्ट्रेशन, लखनऊ का स्टार खिलाड़ी भी लिस्ट में शामिल