नई दिल्ली: संविधान दिवस के मौके पर 26 नवंबर को महाराष्ट्र के नागपुर में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) एक बड़ी जनसभा आयोजित करने जा रही है। पार्टी के संस्थापक और राष्ट्रीय अध्यक्ष अभिजीत दिपके ने 26 नवंबर को इस कार्यक्रम का ऐलान किया है। इस सिलसिले में उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X के जरिए लोगों से जनसभा में शामिल होने और संविधान एवं लोकतंत्र के मूल्यों की रक्षा के लिए एकजुट होने की अपील की है।

26 नवंबर को CJP का नागपुर में जनसभा का आयोजन

CJP प्रमुख अभिजीत दिपके के मुताबिक, यह कार्यक्रम गुरुवार, 26 नवंबर को नागपुर के संविधान चौक पर आयोजित होगा। इसके लिए शाम 4 बजे का समय निर्धारित किया गया है। इस जनसभा का मुख्य नारा 'लोकतंत्र बचाओ, संविधान बचाओ' रखा गया है। इस संदर्भ में अभिजीत दिपके ने कहा कि इस संविधान दिवस पर सभी लोग एक साथ आकर लोकतंत्र की रक्षा करने, संविधान के मूल्यों को बनाए रखने और डॉ. बाबासाहेब भीमराव अंबेडकर के दिखाए रास्ते पर चलने का संकल्प लें।

केंद्र की मोदी सरकार के कई मुद्दों पर CJP उठाएगी सवाल

अभिजीत दिपके ने कहा कि 26 नवंबर को नागपुर में सभी से मुलाकात होगी। इस घोषणा के साथ उन्होंने एक पोस्टर भी साझा किया है, जिसमें डॉ. बीआर अंबेडकर की तस्वीर और तिरंगे की छवि दिखाई गई है। इसके साथ ही CJP के  दिपके ने केंद्र की मोदी सरकार के कई मुद्दों पर  सवाल उठाते हुए कहा कि नागपुर की जनसभा में चुनाव आयोग की निष्पक्षता, लोकतांत्रिक संस्थाओं की स्वतंत्रता और उनकी जवाबदेही जैसे मुद्दे उठाए जाएंगे।

CJP का 'लेगेसी ऑफ बापू कॉकरोच क्लब' देशव्यापी पहल

इसके साथ ही अपने आंदोलन को तेज करने के लिए कॉकरोच जनता पार्टी ने 'लेगेसी ऑफ बापू  कॉकरोच क्लब' नाम से एक देशव्यापी पहल भी शुरू करने की योजना बनाई है। जिसके माध्यम से कॉमेडी, व्यंग्य और बौद्धिक चर्चाओं के जरिए महात्मा गांधी के विचारों और उनके योगदान को युवाओं तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। अभिजीत दिपके ने पार्टी के युवा नेता सौरभ दास को विदेश जाने से रोके जाने के मामले पर केंद्र सरकार पर हमला करते हुए कहा कि सौरभ दास को ऑक्सफोर्ड यूनियन और लंदन स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में लेक्चर देने के लिए बुलाया गया था, लेकिन एयरपोर्ट पर इमिग्रेशन अधिकारियों ने उन्हें रोक दिया।
 

ये भी पढ़ें- बांग्लादेश में 48 घंटे का फुल लॉकडाउन, शेख हसीना की पार्टी अवामी लीग ने सरकार के सामने रखीं 8 मांगें