Uttar Pradesh: अंबेडकरनगर जिले में बुधवार यानी आज पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ हो गई। जिसमें बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग की। इस दौरान बदमाशों की गोली लगने से शहर कोतवाल भूपेंद्र सिंह और एसओजी के सिपाही सोनू यादव घायल हो गए। इस दौरान पुलिस ने बचाव करते हुए फायरिंग की। पुलिस की गोली लगने से कुख्यात सुपारी किलर वाहिद अंसारी घायल हो गया था।

मौके पर पुलिस ने घायल बदमाश व दोनों पुलिसकर्मियों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। जहां डॉक्टरों ने बदमाश को मृत घोषित कर दिया। फिलहाल घायल पुलिसकर्मियों का इलाज चल रहा है। पुलिस बदमाश के अन्य फरार साथियों की तलाश में जुटी है। पुलिस के मुताबिक मृतक बदमाश यूपी के कई जिलों में एक बड़ा हथियार सप्लायर भी था। फिलहाल इसका आपराधिक इतिहास निकालकर आगे की जांच शुरू कर दी है।


मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने की घेराबंदी

पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक पुलिस को सूचना मिली थी कि वाहिद अंसारी अंबेडकरनगर में छिपा हुआ है। देर रात वह वहां से भागने की कोशिश करेगा। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने इलाके में चेकिंग अभियान शुरू किया। मंगलवार देर रात करीब 12 बजे अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र के शिवबाबा बैरियर के पास बाइक सवार दो संदिग्ध पहुंचे।

पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो बाइक पर पीछे बैठे बदमाश ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। गोली लगने से शहर कोतवाल भूपेंद्र सिंह घायल हो गए। पुलिस के मुताबिक, बदमाशों की फायरिंग के बाद पुलिस टीम ने जवाबी कार्रवाई की। इसमें वाहिद अंसारी को चार गोलियां लगीं। गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

मृतक के साथी बदमाश मौके से फरार

मुठभेड़ के दौरान उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। पुलिस का कहना है कि मारा गया बदमाश वाहिद अंसारी गाजीपुर जिले के बहरियाबाद का रहने वाला था। वह बिल्लू इंदौरिया गैंग का सक्रिय सदस्य था और पूर्वी उत्तर प्रदेश में अवैध हथियारों की सप्लाई के नेटवर्क से जुड़ा हुआ था।

उस पर सुपारी लेकर हत्या करने के कई मामलों में शामिल होने का भी आरोप था। वाहिद अंसारी के खिलाफ हत्या, लूट, डकैती, गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट समेत कुल 35 आपराधिक मुकदमे दर्ज थे। वह गोरखपुर के कैंट थाने में दर्ज एक मामले में भी वांछित चल रहा था।

घटनास्थल पर पहुंचे अधिकारी

पुलिस उसे पूर्वी उत्तर प्रदेश में अवैध हथियारों की सप्लाई करने वाले नेटवर्क का अहम सदस्य बता रही है। साथ ही उस पर पैसे लेकर हत्या करने यानी सुपारी किलिंग के कई मामलों में शामिल होने का आरोप था। घटना के बाद वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस अब फरार बदमाश की तलाश के साथ वाहिद अंसारी के आपराधिक नेटवर्क, हथियारों की सप्लाई और अन्य आपराधिक मामलों की जानकारी जुटा रही है। इस मुठभेड़ में दो पुलिसकर्मियों के घायल होने के बाद जिले में पुलिस की सक्रियता बढ़ा दी गई है।

यह भी पढ़ें: क्या 2027 में राम नहीं, कृष्ण होंगे चुनावी मुद्दा? BJP का दावा! अयोध्या हुई हमारी, अब मथुरा की बारी