उत्तर प्रदेश: उत्तर प्रदेश में शिक्षक एवं स्नातक MLC के चुनाव को लेकर बीजेपी की मुश्किलें बढ़ती दिख रही है। गोरखपुर-फैजाबाद खंड के स्नातक सीट से टिकट नहीं मिलने के कारण भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता डॉ. संजयन त्रिपाठी ने बगावत करते हुए अपनी गाड़ी से भाजपा का झंडा निकालकर फेंक दिया है।

BJP नेता संजयन त्रिपाठी ने पार्टी का किया विरोध

दरअसल, गोरखपुर-फैजाबाद स्नातक सीट से दावेदारी कर रहे भाजपा के डॉ. त्रिपाठी ने इस क्षेत्र से टिकट नहीं मिलने का विरोध करते हुए अपनी गाड़ी से भाजपा का झंडा निकालकर फेंका है। इस संदर्भ में डॉ. त्रिपाठी का कहना है कि ऐन वक्त पर पार्टी ने ध्रुव कुमार त्रिपाठी को प्रत्याशी बनाकर टिकट दे दिया।

भाजपा अपने लोगों को कर रही दरकिनार

इस बात से नाराज होकर भाजपा के वरिष्ठ नेता डॉ. संजयन त्रिपाठी ने निर्दलीय चुनाव लड़ने का फैसला लिया है। इस दौरान मीडिया एवं कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए डॉ. संजयन त्रिपाठी ने कहा कि भाजपा अपने पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं का सही से संयोजन नहीं कर पा रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा पार्टी के लिए जमीनी स्तर पर वर्षों तक कार्य करने वाले नेताओं को दरकिनार कर रही है और बाहरी लोगों को इंपोर्ट किया जा रहा है।