नई दिल्ली: ओडिशा के राज्यपाल हरि बाबू कंभमपति ने गुरूवार को नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की और राज्य के विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। इस दौरान राज्यपाल ने पीएम मोदी को ओडिशा में विभिन्न केंद्रीय योजनाओं के क्रियान्वयन एवं उनकी प्रगति की जानकारी दी।
राज्य की उपलब्धियों और बुनियादी ढांचे से अवगत कराया
इसके साथ ही राज्यपाल हरि बाबू कंभमपति ने प्रधानमंत्री मोदी को हाल ही में ओडिशा लोक भवन को प्राप्त भारतीय ग्रीन बिल्डिंग काउंसिल (IGBC) प्लेटिनम सर्टिफिकेशन के बारे में अवगत कराते हुए कहा कि यह उपलब्धि पर्यावरण-अनुकूल और टिकाऊ बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में राज्य की महत्वपूर्ण प्रगति को दर्शाती है।
जनकल्याणकारी कार्यक्रमों को गति देने पर हुई चर्चा
पीएम मोदी से बातचीत के संदर्भ में ओडिशा के राज्यपाल हरि बाबू कहा कि राज्य में कई प्रमुख परियोजनाओं पर काम तेजी से आगे बढ़ रहा है और इन योजनाओं का लाभ लोगों तक पहुंचाने के लिए प्रशासन सक्रिय रूप से कार्य कर रहा है। इस बैठक में राज्य के समग्र विकास, बुनियादी ढांचे, प्रशासनिक सुधारों तथा केंद्रीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विचार-विमर्श किया गया। इसके साथ ही दोनों ने ओडिशा के विकास को गति देने एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रमों को मजबूत करने के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की।