आज के समय में इंटरनेट का इस्तेमाल लगभग हर काम के लिए किया जाता है। ऑनलाइन शॉपिंग करनी हो, बैंकिंग से जुड़ा कोई काम हो या फिर किसी वेबसाइट पर जानकारी सर्च करनी हो, हम अलग-अलग वेबसाइट्स की मदद लेते हैं, लेकिन क्या आपने कभी ऐसे इंटरनेट के बारे में सुना है, जहां वेबसाइट्स तो असली जैसी दिखती हैं, लेकिन उन पर होने वाला कोई भी काम वास्तविक नहीं होता?

Google ने ऐसा ही एक सिस्टम तैयार किया है, जिसका नाम Mirror Dimensionहै। इसका इस्तेमाल कंपनी अपने Gemini आधारित AI एजेंट्स को ट्रेनिंग देने और उनकी क्षमता परखने के लिए कर रही है। इस सिस्टम में AI एजेंट्स को असली इंटरनेट की तरह काम करने का मौका मिलता है, लेकिन बिना किसी वास्तविक यूजर या उसके डेटा को नुकसान पहुंचाए।

आइए आसान भाषा में समझते हैं कि Google का Mirror Dimension क्या है और यह किस तरह काम करता है।

क्या है Google का Mirror Dimension?

Google का Mirror Dimension एक तरह की नकली डिजिटल दुनिया है। इसमें इंटरनेट पर मौजूद असली वेबसाइट्स जैसी दिखने वाली हजारों वेबसाइट्स बनाई गई हैं। हालांकि, इन वेबसाइट्स का वास्तविक इंटरनेट से कोई सीधा संबंध नहीं होता।

इस सिस्टम को खास तौर पर Gemini आधारित AI एजेंट्स की ट्रेनिंग और टेस्टिंग के लिए तैयार किया गया है। यहां AI एजेंट्स वेबसाइट खोलने, अलग-अलग लिंक पर क्लिक करने, ऑनलाइन फॉर्म भरने, पॉडकास्ट डाउनलोड करने और शॉपिंग जैसी गतिविधियों को अंजाम दे सकते हैं।

इसका सबसे बड़ा फायदा यह है कि AI को इन सभी कामों को सीखने के लिए असली वेबसाइट्स का इस्तेमाल नहीं करना पड़ता, यानी ट्रेनिंग के दौरान किसी वास्तविक यूजर के अकाउंट, बैंकिंग जानकारी या निजी डेटा पर कोई असर नहीं पड़ता।

कैसे सुरक्षित रहेगा यूजर्स का निजी डेटा?

AI एजेंट्स को इंटरनेट पर काम करने की ट्रेनिंग देते समय सबसे बड़ी चिंता यूजर्स की सुरक्षा और उनकी निजी जानकारी को लेकर होती है। अगर कोई AI गलती से किसी असली अकाउंट में बदलाव कर दे या गलत तरीके से कोई ऑनलाइन ट्रांजैक्शन करने लगे, तो इससे परेशानी हो सकती है।

Mirror Dimension इस जोखिम को कम करने में मदद करता है। इसमें AI एजेंट्स को असली वेबसाइट्स के बजाय उनके नकली रूप पर काम करने की सुविधा मिलती है। इस तरह AI अलग-अलग काम करना सीख सकता है और उसकी गलतियों का असर किसी वास्तविक यूजर पर नहीं पड़ता। इससे Google को AI की क्षमता जांचने के साथ-साथ उसकी कमियों को भी समझने का मौका मिलता है।

कैसे काम करता है इंटरनेट का यह नकली वर्जन?

Google ने Mirror Dimension को सुरक्षित डिजिटल माहौल में तैयार किया है। इसके लिए कंपनी ने gVisor नाम के टूल का इस्तेमाल किया है, जो एक तरह के सिक्योरिटी सैंडबॉक्स की तरह काम करता है।

जब AI एजेंट किसी जानी-पहचानी वेबसाइट को खोलने की कोशिश करता है, तो उसे असली वेबसाइट के बजाय उसी जैसी बनाई गई नकली वेबसाइट दिखाई जाती है। दिलचस्प बात यह है कि Chrome के एड्रेस बार में वेबसाइट का पता भी सामान्य इंटरनेट की तरह ही नजर आता है।

इसके लिए Google ने अपने निजी टेस्ट नेटवर्क में खास वेब सर्टिफिकेट का इस्तेमाल किया है। कंपनी के मुताबिक, यह व्यवस्था केवल उसके नियंत्रित टेस्ट नेटवर्क में काम करती है। इसे सामान्य इंटरनेट पर हैकर्स द्वारा Chrome यूजर्स के खिलाफ इस्तेमाल नहीं किया जा सकता।

ये भी पढ़ें- जेन्सेन हुआंग की Nvidia में वापसी से बदली किस्मत, एक दिन में 31.7 अरब डॉलर बढ़ी दौलत

Google का Mirror Dimension AI की दुनिया में क्या बदलाव लाएगा?

Mirror Dimension की मदद से Google अपने AI एजेंट्स को असली इंटरनेट पर इस्तेमाल करने से पहले एक सुरक्षित वातावरण में तैयार कर सकेगा। इससे AI की गलतियों को समझना और उनमें सुधार करना आसान होगा। इसके अलावा, इस सिस्टम के जरिए AI को साइबर हमलों की पहचान करने और यूजर की अनुमति के बिना जरूरी काम न करने की ट्रेनिंग भी दी जा सकती है। Google के अनुसार, इस तकनीक की मदद से एक सिक्योरिटी इंजीनियर रोजाना 1,000 से ज्यादा साइबर हमलों का परीक्षण कर सकता है। यह क्षमता किसी इंसान के मुकाबले 30 गुना से भी अधिक बताई गई है। हालांकि, कंपनी ने अभी यह जानकारी नहीं दी है कि इन परीक्षणों के दौरान AI एजेंट्स कितनी बार सफल हुए हैं।