बेलदौर (खगड़िया): बिहार के खगड़िया जिले के बेलदौर प्रखंड की दो शिक्षिकाओं ने अपनी उपलब्धि से क्षेत्र का नाम रोशन किया है। नेपाल में आयोजित भारत-नेपाल मैत्री अंतर्राष्ट्रीय शिक्षक गौरव सम्मान समारोह में रूपम कुमारी और इंदु शर्मा को शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया। इस उपलब्धि से बेलदौर प्रखंड सहित सकरोहर पंचायत में खुशी का माहौल है।

जनकपुर धाम में आयोजित हुआ सम्मान समारोह

जानकारी के अनुसार, भारत और नेपाल के बीच शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक संबंधों को मजबूत करने के उद्देश्य से सोमवार को नेपाल के जनकपुर धाम स्थित मिथिला बैंकेट, कैंपस चौक में अंतर्राष्ट्रीय शिक्षक गौरव सम्मान समारोह आयोजित किया गया। विकास फैमिली क्लब परिवार के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में भारत और नेपाल के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे शिक्षकों को उनके शैक्षणिक योगदान के लिए सम्मानित किया गया।

यह भी पढ़े: Bisleri का पानी जहरीला, क्या आप भी पीते है? FSSAI की रिपोर्ट में बड़ा खुलासा

मोमेंटो और प्रशस्ति पत्र देकर किया सम्मानित

समारोह में बेलदौर प्रखंड के प्राथमिक विद्यालय धरक्का सिंह बासा की शिक्षिका रूपम कुमारी और मध्य विद्यालय चक्रमणिया की शिक्षिका इंदु शर्मा को सम्मान प्रदान किया गया। मधेश प्रदेश, जनकपुर धाम के नगर प्रमुख मोहन पांडेय ने दोनों शिक्षिकाओं को मोमेंटो, प्रशस्ति पत्र और अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया।

दोनों शिक्षिकाओं को शिक्षा के क्षेत्र में समर्पण, नवाचार और समाज निर्माण में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका के लिए यह सम्मान मिला। बताया गया कि दोनों शिक्षिकाएं बेलदौर प्रखंड की सकरोहर पंचायत के अलग-अलग विद्यालयों में कार्यरत हैं।

यह भी पढ़े: धार: 12 किलोमीटर का सफर तय करने में लग रहे 45 मिनट, सुन्द्रेल-धामनोद-धेगदा मार्ग बदहाल

शिक्षा पदाधिकारी ने दी बधाई

नेपाल में मिली इस उपलब्धि से पंचायतवासियों के साथ-साथ प्रखंड के शिक्षक-शिक्षिकाओं में भी उत्साह है। बेलदौर के प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी मनोहर कुमार चौधरी ने दोनों शिक्षिकाओं को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने उम्मीद जताई कि दोनों शिक्षिकाएं भविष्य में भी शिक्षा के क्षेत्र में इसी तरह बेहतर योगदान देकर क्षेत्र का गौरव बढ़ाती रहेंगी।

यह भी पढ़े: बहराइच: डीएम ने छात्राओं से पूछे अंग्रेजी और भूगोल के सवाल, परखी शिक्षा की गुणवत्ता