Bihar News: बिहार में उच्च शिक्षा और कृषि क्षेत्र को मजबूत करने के लिए सीएम सम्राट चौधरी ने बड़ा निर्देश दिया है। उन्होंने पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय, पूर्णिया विश्वविद्यालय और पटना विश्वविद्यालय में चल रहे निर्माण कार्यों और अन्य बुनियादी सुविधाओं को मार्च 2027 तक पूरा करने का आदेश दिया है। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने बिहार के कृषि उत्पादों की बेहतर ब्रांडिंग और बाजार तक पहुंच बढ़ाने पर जोर दिया, ताकि राज्य के किसानों की उपज देश ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक भी पहुंच सके।

मुख्यमंत्री ने मंगलवार को पटना स्थित लोकसेवक आवास के संकल्प सभागार में 'बिहार गति' पहल के तहत आयोजित उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में ये निर्देश दिए। बैठक में 100 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली परियोजनाओं और केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। इसमें मुख्य रूप से उच्च शिक्षा और कृषि विकास से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई।

तीनों विश्वविद्यालयों के निर्माण कार्यों की समयसीमा तय
समीक्षा बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय के प्रशासनिक भवन, शैक्षणिक भवन, इंडोर स्टेडियम और नेशनल हाईवे से जुड़ने वाली सड़क के निर्माण की स्थिति की जानकारी ली। इसके अलावा पूर्णिया विश्वविद्यालय और पटना विश्वविद्यालय में चल रहे बुनियादी ढांचे से जुड़े कार्यों की भी समीक्षा की गई।

सम्राट चौधरी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि तीनों विश्वविद्यालयों में चल रहे सभी निर्माण और संबंधित बुनियादी ढांचे के कार्य मार्च 2027 तक हर हाल में पूरे किए जाएं। उन्होंने परियोजनाओं में तेजी लाने और तय समयसीमा का पालन सुनिश्चित करने को कहा।

पटना यूनिवर्सिटी के लिए बनेगा मास्टर प्लान
मुख्यमंत्री ने पटना विश्वविद्यालय के समग्र विकास के लिए सभी संबंधित पक्षों से बातचीत कर एक व्यापक मास्टर प्लान तैयार करने का निर्देश दिया। उन्होंने विश्वविद्यालय के छात्रावासों में रहने की सुविधा केवल विद्यार्थियों के लिए सुनिश्चित करने को भी कहा।

इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने बीएड कॉलेजों में जल्द से जल्द डिग्री कॉलेज शुरू करने के लिए जरूरी कदम उठाने के निर्देश दिए।

किसानों की आमदनी बढ़ाने पर सरकार का जोर
बैठक में कृषि विकास से जुड़ी योजनाओं की भी समीक्षा की गई। इस दौरान कृषि विभाग के प्रधान सचिव नर्मदेश्वर लाल ने मुख्यमंत्री को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय कृषि विकास योजना के क्रियान्वयन की जानकारी दी।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से बिहार के कृषि क्षेत्र की प्राथमिकताओं की पहचान करने और नकदी फसलों को बढ़ावा देने के लिए जिला स्तर पर कार्ययोजना तैयार करने को कहा। उन्होंने कहा कि कृषि योजनाओं का सबसे बड़ा उद्देश्य किसानों की आर्थिक समृद्धि सुनिश्चित करना होना चाहिए।

2030 तक देश-विदेश के बाजारों तक पहुंचेगी बिहार की उपज
सम्राट चौधरी ने बिहार के कृषि उत्पादों की बेहतर ब्रांडिंग और बाजार उपलब्धता पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि राज्य की उपज को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंचाने के लिए परिवहन और अन्य लॉजिस्टिक्स सुविधाओं को विकसित किया जाना चाहिए।

इसके लिए अधिकारियों को 2030 तक जरूरी व्यवस्थाएं तैयार करने का निर्देश दिया गया। सरकार का जोर कृषि उत्पादों को बेहतर बाजार दिलाने के साथ किसानों को उनकी उपज का अधिक लाभ पहुंचाने पर है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उच्च शिक्षा के बुनियादी ढांचे को मजबूत करना और कृषि का विकास बिहार की तरक्की के महत्वपूर्ण आधार हैं। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ योजनाओं में तेजी लाने का निर्देश दिया, ताकि विद्यार्थियों और किसानों को इनका सीधा लाभ मिल सके।

बैठक में कई वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूदs
इस उच्चस्तरीय बैठक में मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, विकास आयुक्त मिहिर कुमार सिंह, शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव सीके अनिल, कृषि विभाग के प्रधान सचिव नर्मदेश्वर लाल, वित्त विभाग के प्रधान सचिव विनय कुमार समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री के सचिव लोकेश कुमार सिंह और संजय कुमार सिंह सहित उच्च शिक्षा विभाग के सचिव राजीव रोशन भी बैठक में शामिल हुए। 

और पढ़ें: नेपाल में सम्मानित हुईं बेलदौर की दो शिक्षिकाएं, बढ़ाया जिले का मान