भोपाल/इंदौर: सोमवार को प्रशासन ने मध्य प्रदेश के दो शहरों में बड़ी बुलडोजर कार्रवाई की। जहा भोपाल के ऐशबाग स्थित जनता क्वार्टर में 599 जर्जर ईडब्ल्यूएस आवासों को हटाया गया, तो वही इंदौर की कृष्णबाग कॉलोनी में जमीन विवाद के चलते 62 मकानों पर बुलडोजर चलाया गया। दोनों ही जगहों पर कार्रवाई के दौरान भारी पुलिस बल तैनात रही। हालांकि वहीं, इंदौर में हाईकोर्ट से 19 परिवारों को फिलहाल राहत मिली है।

भोपाल में 599 जर्जर मकान ध्वस्त

भोपाल के ऐशबाग स्थित जनता क्वार्टर में सोमवार सुबह प्रशासन ने बुलडोजर कार्रवाई शुरू की। करीब 40 साल पुराने 599 जर्जर ईडब्ल्यूएस आवासों को हटाने के लिए 10 पोकलेन मशीनें लगाई गईं। सुरक्षा के मद्देनजर इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया और आसपास के रास्तों पर बैरिकेडिंग कर ट्रैफिक डायवर्ट किया गया। प्रशासन ने सभी मकानों को हटाने की कार्रवाई पूरी कर ली

यह भी पढ़ें: महराजगंज जिला अस्पताल परिसर में युवती ने लगाई आग, 55 प्रतिशत झुलसी; हालत गंभीर

इन आवासों को नगर निगम ने मई 2016 में ही जर्जर और जानलेवा घोषित कर दिया था। इसके बाद वर्ष 2018 में रहवासियों को नोटिस जारी किए गए। हाल ही में हाउसिंग बोर्ड ने 13 नवंबर तक मकान खाली करने का अंतिम नोटिस दिया था। हाईकोर्ट से कार्रवाई को मंजूरी मिलने के बाद प्रशासन ने इन्हें हटाने की प्रक्रिया शुरू की।

इन क्वार्टरों में करीब 3 हजार लोग रहते थे। कार्रवाई से पहले रहवासी लगातार विरोध कर रहे थे। उनकी मांग थी कि मकान तोड़ने से पहले उन्हें घर के बदले घर या उचित मुआवजा दिया जाए। प्रशासन का कहना है कि प्रभावित परिवारों को कलेक्टर रेट के हिसाब से किराया दिया जाएगा और आगे पुनर्वास की व्यवस्था भी की जाएगी। इस बीच, मकानों को तोड़े जाने का विरोध करने जा रहे कांग्रेस नेता मनोज शुक्ला को पुलिस ने गिरफ्तार कर अशोका गार्डन थाने पहुंचाया।

इंदौर की कृष्णबाग कॉलोनी में 62 मकानों पर कार्रवाई

इंदौर के एमआर-10 के पास स्थित कृष्णबाग कॉलोनी में भी सोमवार सुबह नगर निगम और जिला प्रशासन की संयुक्त टीम ने बुलडोजर कार्रवाई की। करीब 0.720 हेक्टेयर जमीन पर बने 62 मकानों को हटाया गया। यह जमीन सर्वे नंबर 66/2(A) के तहत दर्ज है और वर्ष 2003 से श्रीराम बिल्डर्स तथा स्थानीय रहवासियों के बीच विवाद का विषय बनी हुई थी।

यह भी पढ़ें: नेपाल में सम्मानित हुईं बेलदौर की दो शिक्षिकाएं, बढ़ाया जिले का मान

कार्रवाई के लिए प्रशासन, राजस्व विभाग, पुलिस और नगर निगम की टीमें सुबह करीब 7 बजे मौके पर पहुंचीं। अभियान के दौरान 400 से अधिक अधिकारी-कर्मचारी और 900 से ज्यादा पुलिसकर्मी तैनात किए गए। रहवासियों के विरोध और संभावित तनाव को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए थे। लोगों को सामान शिफ्ट करने में मदद के लिए ट्रक और एंबुलेंस की व्यवस्था भी की गई।

हाईकोर्ट से 19 परिवारों को मिली राहत

कृष्णबाग कॉलोनी में कार्रवाई से पहले मध्य प्रदेश हाईकोर्ट की डिवीजन बेंच ने 19 रहवासियों को अंतरिम राहत दी थी। इनमें जगदीश कुमावत भी शामिल हैं। अदालत ने फिलहाल इन परिवारों को बेदखल नहीं करने का निर्देश दिया। इसके बाद प्रशासन ने उन 62 मकानों पर कार्रवाई की, जिनके खिलाफ बेदखली के आदेश अंतिम हो चुके थे।

इस मामले में पहले 16 और 17 नवंबर को कार्रवाई प्रस्तावित थी, लेकिन पर्याप्त पुलिस बल उपलब्ध नहीं होने के कारण इसे टाल दिया गया था। बाद में पुलिस बल की व्यवस्था कर सोमवार को अभियान चलाया गया।

यह भी पढ़ें: धार: 12 किलोमीटर का सफर तय करने में लग रहे 45 मिनट, सुन्द्रेल-धामनोद-धेगदा मार्ग बदहाल