चंडीगढ़: पंजाब में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले ही भारतीय जनता पार्टी (BJP) और शिरोमणि अकाली दल (SAD) के बीच गठबंधन की घोषणा कर दी गई है। इस नए गठबंधन की आलोचना करते हुए कांग्रेस ने दोनों दलों पर निशाना साधा है। पंजाब कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष राज कुमार वेरका ने गठबंधन को राजनीतिक मजबूरी करार देते हुए कहा कि यह दोनों पार्टियों की पसंद नहीं, बल्कि जरूरत है। ये दोनों पार्टियां पंजाब में कांग्रेस को चुनौती नहीं दे पाएंगी।
BJP-SAD के गठबंधन से कोई चुनावी फायदा नहीं मिलने वाला
पंजाब कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष राज कुमार वेरका ने कहा कि पंजाब की जनता BJP और अकाली दल दोनों को पंजाब विरोधी मानती है। ऐसे में दोनों पार्टियों के एक साथ आने से उन्हें कोई चुनावी फायदा नहीं मिलने वाला। उन्होंने इस गठबंधन की तुलना 'जीरो में जीरो जोड़ने' से करते हुए कहा कि नतीजा फिर भी जीरो ही रहेगा। छोटे दलों के साथ आने के बावजूद ये पार्टियां कांग्रेस का मुकाबला नहीं कर पाएंगी।अब इस गठबंधन के बाद BJP और शिरोमणि अकाली दल दोनों पार्टियां 2027 के पंजाब विधानसभा चुनाव में मिलकर उतरेंगे। साल 2020 में कृषि कानूनों के मुद्दे पर दोनों पार्टियों का करीब 24 साल पुराना गठबंधन टूट गया था। अब छह साल बाद दोनों दल फिर साथ आ गए हैं।
गठबंधन एक ज़रूरत है, पसंद नहीं: कांग्रेस
इस संदर्भ में वेरका ने कहा कि, मुझे लगता है कि यह गठबंधन एक ज़रूरत है, पसंद नहीं। कांग्रेस नेता राज कुमार वेरका ने कहा कि अकाली दल ने पहले कृषि कानूनों के विरोध में बीजेपी का साथ छोड़ दिया था। इसके बाद लंबे समय तक किसान आंदोलन चला। उन्होंने आरोप लगाया कि किसान आंदोलन के दौरान 700-800 किसानों की मौत हुई, जिनमें आत्महत्या के मामले भी शामिल थे। इसके बावजूद सुखबीर सिंह बादल ने तीनों कृषि कानूनों का समर्थन किया था। इस दौरान कांग्रेस नेता राज कुमार वेरका ने अकाली दल और बीजेपी के पिछले शासनकाल पर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब में नशे की समस्या को बढ़ावा मिला और 'चिट्टा' शब्द इसी दौर में चर्चा में आया।