लग्जरी कार बनाने वाले कंपनियों में से एक BMW अपनी नई इलेक्ट्रिक कारों पर तेजी से काम कर रही है। इसी कड़ी में कंपनी की नई BMW iX4 इलेक्ट्रिक कूपे-SUV चर्चा में आ गई है। खास बात यह है कि BMW ने भारत में इस कार का डिजाइन पेटेंट भी दर्ज करा दिया है। इससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि कंपनी आने वाले समय में इसे भारतीय बाजार में लॉन्च कर सकती है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, BMW iX4 की इंटरनेशनल बिक्री मार्च 2027 से शुरू हो सकती है। इसके बाद कुछ समय में यह भारतीय बाजार में भी दस्तक दे सकती है। भारत में इसकी संभावित एक्स-शोरूम कीमत 90 लाख से 95 लाख रुपये के बीच हो सकती है। लॉन्च होने पर इसका मुकाबला आने वाली Mercedes-Benz GLC Electric से देखने को मिल सकता है।

स्पोर्टी लुक में आएगी BMW iX4

BMW iX4 को कंपनी की iX3 का ज्यादा स्टाइलिश और स्पोर्टी रूप माना जा रहा है। इसका कूपे डिजाइन इसे आम SUV से अलग बनाता है। कार की छत पीछे की तरफ ढलान वाली रखी गई है, जिससे इसका लुक काफी आकर्षक नजर आता है।

इसके फ्रंट में BMW की पहचान वाली किडनी ग्रिल और दो हिस्सों में डिजाइन की गई हेडलाइट्स मिलेंगी। इसके अलावा इसमें नीले ब्रेक कैलिपर्स के साथ 20 इंच के अलॉय व्हील दिए गए हैं।

कार के पिछले हिस्से में शानदार टेललाइट्स, स्पॉइलर और नया डिजाइन वाला बंपर देखने को मिलेगा। वहीं, इसके सबसे महंगे M60 xDrive मॉडल में रोशनी वाली ग्रिल, पीले रंग की DRL लाइट्स, 21 इंच के बड़े अलॉय व्हील और स्पोर्टी ORVMs दिए जाएंगे। इस वेरिएंट में बड़ा रियर स्पॉइलर भी मिलेगा, जो इसके लुक को और दमदार बनाएगा।

17.9 इंच की बड़ी टचस्क्रीन से लैस होगा केबिन

BMW iX4 का इंटीरियर की बात करें तो इसमें काफी मॉडर्न और हाईटेक रखा गया है। इसके डैशबोर्ड के बीच में 17.9 इंच की डायमंड शेप टचस्क्रीन मिलेगी। इसके साथ ही विंडशील्ड के नीचे एक बड़ा पैनोरमिक डिस्प्ले दिया गया है, जो ड्राइवर को जरूरी जानकारी दिखाएगा। कूपे डिजाइन होने के बावजूद इस कार में सामान रखने के लिए अच्छी जगह मिलेगी। इसमें 490 लीटर का बूट स्पेस दिया गया है।

फीचर्स की बात करें तो 40 xDrive और 50 xDrive मॉडल में पैनोरमिक सनरूफ, इलेक्ट्रिक फ्रंट सीट्स, मेमोरी फंक्शन, एम्बिएंट लाइटिंग और 7 स्पीकर वाला साउंड सिस्टम मिलेगा। वहीं, M60 xDrive केबिन के मामले में ज्यादा प्रीमियम होगा। इसमें M स्पोर्ट सीट्स और 13 स्पीकर वाला Harman Kardon साउंड सिस्टम दिया जाएगा।

ये भी पढ़ें- Ford की मस्टैंग ने मचाई हलचल! सिर्फ चुनिंदा लोगों को मिलेगी ये सुपरकार; हाई स्पीड और 815 HP पावर के साथ हुई पेश

एक बार चार्ज करने पर चलेगी 828Km तक

BMW iX4 की सबसे बड़ी खासियत इसकी लंबी ड्राइविंग रेंज बताई जा रही है। यह कार कंपनी के नए 800-वोल्ट Neue Klasse प्लेटफॉर्म पर तैयार की जाएगी। इंटरनेशनल मार्केट में इसे तीन अलग-अलग ऑल-व्हील-ड्राइव वेरिएंट में पेश करने की योजना है।

इसके 40 xDrive बेस मॉडल में 82.6 kWh का बैटरी पैक दिया जाएगा। इसमें डुअल मोटर सेटअप मिलेगा, जो 374 hp की पावर और 520 Nm का टॉर्क जनरेट करेगा। कंपनी के बताए गए आंकड़ों के मुताबिक, यह कार सिर्फ 5.6 सेकंड में 0 से 100 km/h की रफ्तार पकड़ सकती है। इसकी अनुमानित रेंज 638 किलोमीटर होगी।

वहीं, ज्यादा रेंज चाहने वाले ग्राहकों के लिए 50 xDrive वेरिएंट भी आएगा। इसमें 108.7 kWh की बड़ी बैटरी दी जाएगी, जो एक बार फुल चार्ज होने पर 828 किलोमीटर तक चलने का दावा करती है।