अब तक वियरेबल टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल ज्यादातर स्मार्टवॉच, स्मार्ट रिंग और फिटनेस बैंड के रूप में देखा गया है, लेकिन Zomato के को-फाउंडर दीपेंदर गोयल एक ऐसे डिवाइस के साथ नजर आ रहे हैं, जिसे शरीर के एक बेहद अलग हिस्से पर पहना जाता है। Temple नाम का यह गैजेट माथे और कान के बीच कनपटी के हिस्से पर लगाया जाता है। गोयल को कई मौकों पर इसे पहने देखा गया है, जबकि कुछ सेलिब्रिटीज और सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर्स भी इसके टेस्टिंग यूनिट का इस्तेमाल करते दिखाई दिए हैं।

कनपटी पर पहने जाने वाले इस डिवाइस को लेकर लोगों के मन में कई सवाल हैं। दीपेंदर गोयल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट के जरिए इसकी फिटिंग, मजबूती और इस्तेमाल से जुड़े कई सवालों का जवाब दिया है, उनके मुताबिक Temple को इस तरह तैयार किया गया है कि इसे रोजमर्रा की गतिविधियों के दौरान भी पहना जा सके।

त्वचा पर कैसे चिपकेगा Temple?

Temple को कनपटी पर टिकाने के लिए खास तरह के डिस्पोजेबल ग्रिप्स का इस्तेमाल किया जाता है। ये ग्रिप्स सीधे त्वचा पर डिवाइस को सुरक्षित तरीके से लगाए रखते हैं। गोयल के अनुसार, डिवाइस खरीदने वाले ग्राहकों को इन ग्रिप्स की लगातार सप्लाई उपलब्ध कराई जाएगी।

उन्होंने यह भी बताया कि डिवाइस विकसित करने के साथ-साथ ऐसी ग्रिप तैयार करना भी चुनौतीपूर्ण था, जो पर्याप्त पकड़ दे लेकिन पहनने पर असहज महसूस न हो। डिजाइन इस तरह रखा गया है कि कनपटी पर डिवाइस लगाने के बाद इसका वजन ज्यादा महसूस नहीं होता।

दौड़ने या एक्सरसाइज के दौरान गिरने का खतरा?

Temple की पकड़ को लेकर भी सवाल उठे हैं। गोयल के मुताबिक डिवाइस की ग्रिप इतनी मजबूत है कि दौड़ने, कूदने या कठिन वर्कआउट के दौरान भी इसे पहना जा सकता है। सामान्य परिस्थितियों में इसके अपनी जगह से हटने की संभावना कम है।

इतना ही नहीं, इसे पहनकर नहाने और स्विमिंग करने की सुविधा भी बताई गई है। हालांकि, गोयल ने स्कूबा डाइविंग के दौरान इसे इस्तेमाल न करने की सलाह दी है। उन्होंने इसकी वजह ग्रिप नहीं, बल्कि डिवाइस के हार्डवेयर की सीमा बताई है।

कपड़े बदलते समय भी नहीं अटकेगा

Temple के डिजाइन को लेकर एक और सवाल था कि कपड़े पहनते या बदलते समय यह कहीं फंसकर गिर तो नहीं जाएगा। गोयल के अनुसार डिवाइस का डिजाइन काफी स्मूथ है, इसलिए सामान्य कपड़ों में इसके अटकने की समस्या नहीं होनी चाहिए।

एक ग्रिप करीब सात दिनों तक चल सकती है, जो डिवाइस की बताई गई बैटरी लाइफ के आसपास है। हालांकि कंपनी बेहतर अनुभव और हाइजीन के लिए ग्रिप को हर दो से तीन दिन में बदलने की सलाह देती है। इसे लगाए रखने के दौरान फेसवॉश, स्किनकेयर रूटीन और मेकअप भी किया जा सकता है।

दिमाग में ब्लड फ्लो को करेगा ट्रैक

Temple को मुख्य रूप से हेल्थ और ब्रेन मॉनिटरिंग से जुड़ी तकनीक के तौर पर पेश किया जा रहा है। गोयल के मुताबिक यह ब्रेन फ्लो सिस्टम के जरिए दिमाग में होने वाले ब्लड फ्लो को लगातार मापने के लिए डिजाइन किया गया है।

उनका दावा है कि Temple अपनी तरह का पहला ऐसा कंटीन्यूअस वियरेबल सिस्टम है, जो इस तरह की जानकारी को लगातार ट्रैक करने की कोशिश करता है। हालांकि, इस तकनीक से जुड़ी सभी स्टडीज का अभी स्वतंत्र रूप से रिव्यू नहीं हुआ है। ऐसे में इसके वास्तविक हेल्थ बेनिफिट और सटीकता को लेकर एक्सपर्ट्स की राय अहम होगी।

6 कलर ऑप्शन में आ सकता है डिवाइस

Temple को लॉन्च के समय छह अलग-अलग कलर ऑप्शन में पेश किए जाने की जानकारी सामने आई है। इनमें True Gold, Rose Gold, Black Mirror, Real Jade, Deep Blue और Purple Funk शामिल हैं।

रिपोर्ट्स के मुताबिक कंपनी अगले सप्ताह से इसके प्री-ऑर्डर शुरू कर सकती है। हालांकि, अभी आधिकारिक कीमत की घोषणा नहीं हुई है। अनुमान लगाया जा रहा है कि इसकी शुरुआती कीमत करीब 1,000 डॉलर यानी लगभग 1 लाख रुपये हो सकती है।

 

ये भी पढ़ें- Explainer : Kimi AI मॉडल पर सवाल, चीन ने सुरक्षा नियमों को दिया चकमा; रिपोर्ट खुलासे से मची खलबली!