Apple ने भारत में अपना नया स्मार्ट डिस्प्ले HomeView पेश किया है। इस डिवाइस की मदद से यूजर्स घर की स्मार्ट लाइट, दरवाजों के स्मार्ट लॉक, थर्मोस्टेट और दूसरे कनेक्टेड डिवाइसों को आसानी से कंट्रोल कर सकते हैं। इसके अलावा, इस पर म्यूजिक सुनने, वीडियो कॉल करने और कई दूसरे काम करने की सुविधा भी मिलेगी।
HomeView में Siri AI असिस्टेंट दिया गया है, जो यूजर्स के सवालों का जवाब देने और जरूरत के हिसाब से जानकारी देने में मदद करता है। इसकी खास बात यह है कि यह परिवार के अलग-अलग सदस्यों को पहचानकर उनकी पसंद के मुताबिक स्क्रीन पर ऐप्स और जानकारी दिखा सकता है।
7 इंच की टचस्क्रीन और A18 चिप
Apple HomeView में 7 इंच की Liquid Retina टचस्क्रीन दी गई है। इसमें True Tone तकनीक और 500 निट्स तक की ब्राइटनेस मिलती है। डिवाइस में A18 चिप का इस्तेमाल किया गया है। इसकी स्क्रीन का एंगल भी जरूरत के हिसाब से बदला जा सकता है।
इसकी स्क्रीन यूजर की दूरी के अनुसार जानकारी दिखाने में सक्षम है। अगर कोई व्यक्ति दूर से देख रहा है, तो उसे जरूरी जानकारी दिखाई देगी। वहीं, स्क्रीन के पास आने पर ज्यादा डिटेल और दूसरे विकल्प नजर आ सकते हैं।
परिवार के छह लोगों को पहचानने की सुविधा
HomeView में फेस रिकग्निशन फीचर दिया गया है, जिससे यह परिवार के छह सदस्यों तक को पहचान सकता है। इसके बाद हर व्यक्ति को उसकी पसंद के ऐप्स और विजेट्स वाली होम स्क्रीन दिखाई जा सकती है। इसमें Messages और Calendar जैसे ऐप्स की निजी जानकारी को संबंधित यूजर तक सीमित रखने की सुविधा भी है। वहीं, परिवार के सभी सदस्य शेयर किए गए फोटो एल्बम और म्यूजिक का इस्तेमाल कर सकते हैं।
म्यूजिक, वीडियो कॉल और स्मार्ट होम कंट्रोल
इस स्मार्ट डिस्प्ले में बिल्ट-इन स्पीकर दिए गए हैं। ये स्पैशियल ऑडियो और मल्टीरूम प्लेबैक को सपोर्ट करते हैं। यूजर्स इसकी मदद से FaceTime वीडियो कॉल कर सकते हैं और आवाज के जरिए मैसेज का जवाब भी दे सकते हैं। इसके अलावा, स्क्रीन पर रेसिपी को स्टेप-बाय-स्टेप देखकर खाना बनाने में मदद ली जा सकती है। Siri या टचस्क्रीन के जरिए घर की स्मार्ट लाइट, लॉक, थर्मोस्टेट और स्मार्ट ब्लाइंड्स जैसे संगत डिवाइसों को कंट्रोल किया जा सकता है। HomeView में Home Camera इंटरफेस भी मिलता है। इसकी मदद से एक ही स्क्रीन पर नौ कैमरों तक की लाइव फीड देखी जा सकती है।
ये भी पढ़ें- पहले भेजते हैं पैसे...फिर UPI से लगाते हैं चूना; SBI ने Jumped Deposit Scam को लेकर किया अलर्ट
जानिए कीमत और बिक्री की तारीख
Apple HomeView की भारत में कीमत 39,900 रुपये रखी गई है। इसकी प्री-बुकिंग 13 अक्टूबर से Apple के ऑनलाइन स्टोर और Apple Store ऐप पर शुरू हो गई है। इसकी बिक्री 13 नवंबर से शुरू होगी।
यह स्मार्ट डिस्प्ले चार रंगों में उपलब्ध होगा:
- सिल्वर
- स्टारलाइट
- रोज पिंक
- स्पेस ग्रे
कंपनी ने इसका वॉल-माउंटेड वर्जन भी पेश किया है। इसे घर के एंट्री गेट, गलियारे या दूसरी जगहों पर दीवार पर लगाया जा सकता है। हालांकि, इसे लगाने के लिए जरूरी माउंटिंग एक्सेसरीज अलग से खरीदनी पड़ सकती हैं।