हरियाणा के रोहतक में बदमाशों के हौसले किस कदर बुलंद हैं, इसका अंदाजा खरावड़ पुलिस चौकी के पास मिलन ढाबे पर हुई वारदात से लगाया जा सकता है। बुधवार देर रात खाना खा रहे चार युवकों को हथियारबंद बदमाशों ने गोलियों से भून दिया। वारदात इतनी अचानक हुई कि ढाबे पर मौजूद लोगों को अपनी जान बचाने के लिए टेबल के नीचे छिपना पड़ा।
हैरानी की बात यह है कि हमलावरों ने भीड़भाड़ वाले ढाबे पर इस वारदात को अंजाम दिया और फिर हथियार लहराते हुए मौके से निकल गए। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत फैल गई।
टेबल पर खाना खा रहे थे युवक
जानकारी के मुताबिक, बुधवार रात करीब 12 बजे मिलन ढाबे पर काफी लोग खाना खा रहे थे। इसी दौरान स्विफ्ट कार में सवार होकर कुछ हथियारबंद युवक वहां पहुंचे। कार से उतरते ही उन्होंने एक टेबल पर बैठे चार युवकों पर ताबड़तोड़ गोलियां चलानी शुरू कर दीं।
फायरिंग होते ही ढाबे पर भगदड़ मच गई। लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तीन युवकों की मौके पर ही टेबल के पास मौत हो गई, जबकि चौथे युवक को हमलावरों ने पीछा करके गोली मार दी। चार लोगों की हत्या के बाद भी हमलावर काफी देर तक हथियार लहराते रहे। इसके बाद वे मौके से फरार हो गए।
डीघल के रहने वाले तीन युवक
मृतकों की पहचान रिंकू पुत्र जगबीर, विनीत पुत्र जयबीर, गंजू और हिमांशु पुत्र राजबीर के रूप में हुई है। इनमें रिंकू, विनीत और गंजू झज्जर जिले के डीघल गांव के रहने वाले बताए जा रहे हैं, जबकि हिमांशु बेरी क्षेत्र का निवासी था।
पुलिस के बड़े अधिकारी मौके पर पहुंचे
वारदात की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद रोहतक रेंज के आईजी हामिद अख्तर, एसपी गौरव पुरोहित समेत कई थानों की पुलिस फोर्स ने घटनास्थल का जायजा लिया।
पुलिस ने मौके से सबूत जुटाने शुरू कर दिए हैं। शुरुआती तौर पर इस वारदात के पीछे गैंगवार की आशंका जताई जा रही है। हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें लगाई गई हैं। फिलहाल किसी आरोपी की गिरफ्तारी की जानकारी सामने नहीं आई है।
ये भी पढ़ें- जम्मू-कश्मीर में वंदे मातरम् को लेकर विवाद, मौलवियों ने वीडियो जारी कर मांगी माफी, कहा-अनजाने में हुई...
कानून-व्यवस्था पर बड़ा सवाल
रोहतक की यह वारदात सिर्फ चार हत्याओं का मामला नहीं है, बल्कि आम लोगों की सुरक्षा को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े करती है। जिस ढाबे पर लोग परिवार और दोस्तों के साथ खाना खाने जाते हैं, वहां हथियार लेकर पहुंचे बदमाश खुलेआम गोलियां बरसाकर चार लोगों की जान ले लेते हैं।
सबसे डराने वाली बात यह है कि इस दौरान ढाबे पर दूसरे लोग भी मौजूद थे। उनकी जान भी खतरे में पड़ सकती थी। आखिर बदमाशों को इतनी हिम्मत कहां से मिल रही है कि वे सार्वजनिक जगह पर बेखौफ होकर हत्या जैसी वारदात को अंजाम दे रहे हैं?
अब सवाल यह है कि क्या अपराधियों के मन से कानून का डर कम हो रहा है? क्या पुलिस की मौजूदगी और कार्रवाई का डर ऐसे बदमाशों को रोकने के लिए काफी नहीं है? पुलिस के सामने अब सबसे बड़ी चुनौती सिर्फ आरोपियों को गिरफ्तार करना नहीं, बल्कि लोगों के मन में सुरक्षा का भरोसा वापस लाना भी है।