गोरखपुर: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण (गीडा) के 37वें स्थापना दिवस पर विकास योजनाओं की सौगात दी। इस दौरान उन्होंने 502 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली 104 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। साथ ही पांच कंपनियों के साथ 17,650 करोड़ रुपये के निवेश एमओयू पर हस्ताक्षर किए गए। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन परियोजनाओं से पूर्वांचल में औद्योगिक विकास को नई गति मिलेगी और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ेंगे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने गोरखपुर में प्रस्तावित बूचड़खाने के निर्माण को लेकर वर्ष 2004-05 में हुए विरोध का भी जिक्र किया। उन्होंने उस समय की समाजवादी पार्टी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि जब वह सांसद थे, तब गीडा क्षेत्र में उद्योग नहीं थे और तत्कालीन सरकार इस जमीन पर बूचड़खाना स्थापित करने का प्रयास कर रही थी।
बूचड़खाने के विरोध में कई दिनों तक चला था आंदोलन
सीएम योगी ने कहा कि वर्ष 2004-05 में समाजवादी पार्टी सरकार के दौरान गीडा की जमीन पर बूचड़खाना बनाने की कोशिश की गई थी। उस समय उन्होंने सांसद रहते हुए सहजनवा में पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ इसका विरोध किया था।
मुख्यमंत्री के मुताबिक, गोरखपुर के लोगों ने इस प्रस्ताव को स्वीकार नहीं किया था। उन्होंने कहा, "हमने समाजवादी पार्टी को स्पष्ट कर दिया था कि गोरखपुर बूचड़खाना स्वीकार नहीं करेगा। मैंने उनसे कहा था कि अगर इस क्षेत्र के विकास का पैसा सैफई ले जाना है तो अपना बूचड़खाना भी वहीं ले जाइए। गोरखपुर अपना विकास खुद करेगा।"
उन्होंने बताया कि इस मुद्दे पर कई दिनों तक संघर्ष चला और आखिरकार आंदोलन में जीत मिली।
पांच कंपनियों ने 17,650 करोड़ रुपये के निवेश पर किए एमओयू
गीडा के स्थापना दिवस समारोह में पांच कंपनियों के साथ कुल 17,650 करोड़ रुपये के निवेश समझौतों पर हस्ताक्षर किए गए। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन निवेश प्रस्तावों से पूर्वांचल में औद्योगिक सुविधाओं का विस्तार होगा। इससे उद्यमियों को नए अवसर मिलेंगे और युवाओं के लिए रोजगार के रास्ते खुलेंगे।
इससे पहले मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर भी परियोजनाओं को लेकर जानकारी साझा की थी। उन्होंने कहा था कि 502 करोड़ रुपये से अधिक की 104 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास गोरखपुर के औद्योगिक विकास को नई गति देगा।
विकसित गोरखपुर-विकसित उत्तर प्रदेश का लक्ष्य
मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के लोगों को विकास परियोजनाओं की बधाई देते हुए विश्वास जताया कि इन योजनाओं से गोरखपुर और पूरे उत्तर प्रदेश के विकास को गति मिलेगी।
उन्होंने कहा कि औद्योगिक सुविधाओं का विस्तार, निवेश को प्रोत्साहन और रोजगार के नए अवसर विकसित गोरखपुर-विकसित उत्तर प्रदेश के संकल्प को मजबूत करेंगे। गीडा के 37वें स्थापना दिवस पर हुए निवेश समझौतों को पूर्वांचल में औद्योगिक गतिविधियों के विस्तार की दिशा में अहम कदम बताया गया।
और पढ़ें:
जिसके पास होगी आधुनिक तकनीक, वही रहेगा सुरक्षित! राजनाथ सिंह ने बताया शक्तिशाली भारत का मंत्र