नालंदा: बिहार के नालंदा जिले से एक बेहद दर्दनाक खबर सामने आई है। जिस घर में कुछ दिन पहले बहू की सरकारी शिक्षक के पद पर नौकरी लगने की खुशी मनाई जा रही थी, वहां अब मातम पसरा हुआ है। परिवार के लोग इसी खुशी में झारखंड के रजरप्पा मंदिर में पूजा करने निकले थे, लेकिन रास्ते में हुए भीषण सड़क हादसे ने पूरे परिवार को उजाड़ दिया। झारखंड के रामगढ़ में रांची-पटना राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-33) पर स्कॉर्पियो और हाइवा की टक्कर में 13 लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है।
शिक्षक की नौकरी लगने की खुशी में जा रहे थे रजरप्पा
जानकारी के मुताबिक, सभी मृतक बिहार के नालंदा जिले के बेन थाना क्षेत्र के जंघारो गांव के रहने वाले थे। गांव निवासी विवेकानंद कुमार साल 2014 से मां सरस्वती विद्या मंदिर नाम से निजी स्कूल चला रहे थे। हाल ही में उनकी पत्नी अमृता की सरकारी शिक्षक के पद पर नौकरी लगी थी। इसी खुशी में परिवार ने मां छिन्नमस्तिका के दर्शन करने और मन्नत पूरी करने का फैसला किया।
परिवार के सदस्य शनिवार शाम करीब 7 बजे स्कॉर्पियो से झारखंड के रजरप्पा मंदिर के लिए रवाना हुए थे। किसी को अंदाजा नहीं था कि यह यात्रा उनके जीवन की आखिरी यात्रा बन जाएगी।
स्कॉर्पियो में सवार थे 14 लोग, 13 की मौत
बताया जा रहा है कि स्कॉर्पियो में ड्राइवर समेत कुल 14 लोग सवार थे। इनमें विवेकानंद, उनकी पत्नी अमृता, मां, दो बेटे और एक बेटी के अलावा परिवार के अन्य रिश्तेदार शामिल थे।
रविवार सुबह करीब 6 बजे गांव में हादसे की खबर पहुंची। रामगढ़ के NH-33 पर पैंकी के पास स्कॉर्पियो की हाइवा से भीषण टक्कर हो गई थी। हादसे में चार बच्चों, चार महिलाओं और पांच पुरुषों समेत कुल 13 लोगों की जान चली गई। वहीं, एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है और उसका रामगढ़ सदर अस्पताल के आईसीयू में इलाज चल रहा है।
गांव में पसरा मातम, कई घरों के बुझ गए चिराग
हादसे की खबर मिलते ही जंघारो गांव में चीख-पुकार मच गई। ग्रामीणों के मुताबिक, विवेकानंद का स्कूल करीब एक हजार बच्चों को शिक्षा देता है। इस हादसे ने परिवार के कई सदस्यों की जान ले ली और कई घरों को गहरे दुख में डाल दिया है।
ग्रामीण राम मिथिलेश पासवान के मुताबिक, हादसे में जान गंवाने वाले चंदन की मां हलवाई का काम करके परिवार का भरण-पोषण करती हैं। एक साथ इतने लोगों की मौत से पूरे गांव में शोक का माहौल है। कई घरों में चूल्हे तक नहीं जले।
डीसी और एसपी ने घटनास्थल का लिया जायजा
हादसे की सूचना मिलते ही कुज्जू ओपी पुलिस मौके पर पहुंची और मृतकों व घायल को अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने 13 लोगों को मृत घोषित कर दिया। रामगढ़ के डीसी ऋतुराज और एसपी समेत कई अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे। सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
बताया जा रहा है कि इसी जगह शनिवार देर शाम भी एक सड़क हादसा हुआ था, जिसमें कंटेनर की टक्कर से बाइक सवार पिता और बेटी की मौत हो गई थी। इसके बाद ग्रामीणों ने NH-33 पर जाम लगाया था। कुछ ही घंटों बाद इसी इलाके में एक और भीषण हादसे ने 13 लोगों की जान ले ली।
फिलहाल जंघारो गांव के लोग अपनों के शवों के गांव पहुंचने का इंतजार कर रहे हैं। जिस परिवार में नई नौकरी की खुशियां थीं, वहां अब सिर्फ मातम और अपनों को खोने का दर्द रह गया है।
यह भी पढ़े: मेरठ में दहेज में मांगी थार तो लड़की के पिता ने थमाई खिलौना गाड़ी, तोड़ दिया रिश्ता; VIDEO वायरल
यह भी पढ़े: एमके स्टालिन के साथ हुई मुलाकात के बावजूद, डीएमके अपने रुख पर कायम कहा-देगी सरकार का साथ