अगर आप अपने फोन में WhatsApp या WhatsApp Business इस्तेमाल करते हैं, तो आपके लिए जरूरी खबर है। भारत की साइबर सुरक्षा एजेंसी CERT-In ने WhatsApp यूजर्स को लेकर हाई-रिस्क सिक्योरिटी अलर्ट जारी किया है। एजेंसी को ऐप के कुछ वर्जन में ऐसी खामियां मिली हैं, जिनका फायदा उठाकर हैकर्स यूजर्स के डिवाइस और निजी जानकारी को निशाना बना सकते हैं। यह खतरा सिर्फ Android यूजर्स तक सीमित नहीं है। iPhone और Mac पर WhatsApp इस्तेमाल करने वाले लोगों को भी सावधान रहने की जरूरत है।

WhatsApp में मिलीं तीन बड़ी सुरक्षा खामियां

WhatsApp ने नवंबर 2026 के सिक्योरिटी अपडेट में तीन सुरक्षा कमजोरियों का खुलासा किया है। इनकी वजह से यूजर्स को कई तरह के नुकसान हो सकते हैं।

  1. पहली खामी: कुछ खास तरह के मैसेज के जरिए फोन में सेव WhatsApp की फाइलें डिलीट होने का खतरा था।
  2. दूसरी खामी: Meta AI के सिक्योरिटी सिस्टम में कमी पाई गई, जिससे सुरक्षा जांच को चकमा दिया जा सकता था।
  3. तीसरी खामी: कुछ खास तरह के विज्ञापन से जुड़े मैसेज के जरिए यूजर का IP एड्रेस पता लगाने का खतरा था।

इन कमियों का फायदा उठाकर साइबर अपराधी यूजर्स की निजी जानकारी तक पहुंचने या ऐप के डेटा में बदलाव करने की कोशिश कर सकते हैं।

CERT-In ने क्यों जारी की चेतावनी?

CERT-In ने 26 नवंबर 2026 को CIVN-2026-0576 नंबर से अपनी एडवाइजरी जारी की है। इसमें WhatsApp और Meta के दूसरे संबंधित प्रोडक्ट्स में मिली सुरक्षा खामियों के बारे में बताया गया है।

एजेंसी के मुताबिक, इन कमजोरियों के पीछे SQL Injection, सिक्योरिटी सर्टिफिकेट की सही जांच नहीं होना और विज्ञापन से जुड़े बाहरी URL का ठीक से वेरिफिकेशन नहीं होना जैसी तकनीकी वजहें हैं।

आसान भाषा में समझें तो कुछ खास मैसेज या लिंक के जरिए हमलावर ऐप की सुरक्षा में सेंध लगाने की कोशिश कर सकते हैं। ऐसा होने पर यूजर का निजी डेटा खतरे में पड़ सकता है और ऐप के काम करने के तरीके में भी बदलाव किया जा सकता है।

किन लोगों को सबसे ज्यादा सावधान रहने की जरूरत है?

CERT-In का यह अलर्ट कई प्लेटफॉर्म पर WhatsApp इस्तेमाल करने वालों के लिए है। इसमें शामिल हैं:

  • Android स्मार्टफोन यूजर्स
  • iPhone यूजर्स
  • Mac पर WhatsApp इस्तेमाल करने वाले लोग
  • WhatsApp Business चलाने वाले यूजर्स

खासतौर पर वे लोग ज्यादा जोखिम में हो सकते हैं, जो काफी समय से ऐप का पुराना वर्जन इस्तेमाल कर रहे हैं।

WhatsApp को सुरक्षित रखने के लिए तुरंत करें ये काम

ऐसी सुरक्षा समस्याओं से बचने के लिए सबसे जरूरी है कि आप अपने ऐप को हमेशा अपडेट रखें। इसके लिए ये आसान तरीके अपनाएं:

  • Android यूजर्स: Google Play Store खोलें और WhatsApp का अपडेट चेक करें।
  • iPhone यूजर्स: Apple App Store पर जाकर WhatsApp का नया वर्जन इंस्टॉल करें।
  • Mac यूजर्स: WhatsApp Desktop के लिए उपलब्ध अपडेट डाउनलोड करें।
  • अनजान नंबरों से आए संदिग्ध लिंक और मैसेज पर क्लिक करने से बचें।
  • अगर आपके फोन में अपडेट उपलब्ध है, तो उसे बिना देर किए इंस्टॉल कर लें।

CERT-In ने आम यूजर्स के साथ-साथ कंपनियों और संस्थानों को भी सलाह दी है कि वे अपने सभी प्रभावित डिवाइस को अपडेट करें।

 ये भी पढ़ें- 350 करोड़ से ज्यादा रिकॉर्ड लीक! क्या आपका ईमेल, पासवर्ड और पर्सनल डेटा भी है खतरे में?