OpenAI अपने AI प्लेटफॉर्म ChatGPT में बड़ा बदलाव करने की तैयारी कर रहा है। कंपनी Chat और Work मोड को मिलाकर एक नया यूनिफाइड एक्सपीरियंस लाने पर काम कर रही है। फिलहाल इसकी टेस्टिंग Pro सब्सक्रिप्शन इस्तेमाल करने वाले कुछ चुनिंदा यूजर्स के साथ की जा रही है।

OpenAI के सॉफ्टवेयर इंजीनियर और प्रोडक्ट एग्जीक्यूटिव Thibault Sottiaux ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर इस बदलाव की जानकारी दी है। उनके मुताबिक, कंपनी पहले सीमित यूजर्स के बीच नए डिजाइन को टेस्ट करना चाहती है। इसके बाद यूजर्स से मिलने वाले फीडबैक के आधार पर इसे दूसरे लोगों के लिए भी जारी किया जाएगा।

दिसंबर से शुरू हो सकता है नया सिस्टम

OpenAI ने इससे पहले ईमेल के जरिए यूजर्स को Chat और Work मोड को एक करने की योजना के बारे में बताया था। कंपनी की तैयारी दिसंबर से इस बदलाव को बड़े स्तर पर लागू करने की है। इसके साथ ही ChatGPT के पेड प्लान इस्तेमाल करने वाले लोगों के लिए यूसेज लिमिट का सिस्टम भी बदल सकता है।

अभी ChatGPT में Work और Codex जैसी सुविधाओं के लिए अलग-अलग इस्तेमाल की सीमाएं मौजूद हैं। इसका फायदा यह है कि यूजर्स एक फीचर की लिमिट खत्म होने के बाद भी दूसरे फीचर का इस्तेमाल कर सकते हैं। वहीं, कुछ सब्सक्रिप्शन प्लान में एडवांस्ड रीजनिंग मॉडल्स के लिए अलग मैसेज लिमिट भी मिलती है।

पेड यूजर्स पर क्या पड़ेगा असर?

नए सिस्टम में Work और Codex जैसी सुविधाओं की यूसेज लिमिट को एक साथ जोड़ा जा सकता है। यानी इन दोनों का इस्तेमाल करने वाले यूजर्स को एक ही साझा लिमिट के अंदर रहकर काम करना पड़ सकता है।

हालांकि, सामान्य और बेसिक चैट को इस साझा लिमिट से अलग रखने की योजना है। इसका मतलब है कि यूजर्स रोजमर्रा के सवाल पूछने और सामान्य बातचीत के लिए ChatGPT का इस्तेमाल पहले की तरह कर सकेंगे। इसके लिए साझा यूसेज लिमिट खर्च नहीं होगी।

इस बदलाव का सबसे ज्यादा असर उन लोगों पर पड़ सकता है, जो ChatGPT पर रोजाना कोडिंग, मुश्किल सवालों के जवाब और एडवांस्ड AI मॉडल्स का इस्तेमाल करते हैं। उन्हें अब अपने काम के हिसाब से उपलब्ध लिमिट का ध्यान रखना पड़ सकता है।

ये भी पढ़ें- WhatsApp में मिली 3 गंभीर खामियां, Android से iPhone यूजर्स तक को खतरा; सरकार ने दी चेतावनी

अभी कितनी होगी नई यूसेज लिमिट?

फिलहाल OpenAI ने यह साफ नहीं किया है कि नए सिस्टम में यूजर्स को कितनी साझा लिमिट मिलेगी और अलग-अलग फीचर्स इस्तेमाल करने पर यह कितनी तेजी से खत्म होगी।

कंपनी का मकसद ChatGPT के अलग-अलग फीचर्स को एक ही सिस्टम के तहत लाना और उनके इस्तेमाल को आसान बनाना है। हालांकि, यूजर्स को इसका फायदा मिलेगा या उनकी मौजूदा सुविधाओं पर असर पड़ेगा, यह नई लिमिट और उसके नियम सामने आने के बाद ही पता चलेगा।