नई दिल्ली: परिसीमन के प्रस्तावित कानून को लेकर विपक्षी INDIA गठबंधन ने केंद्र सरकार के खिलाफ अपनी रणनीति तेज कर दी है। इसी कड़ी में कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी समेत गठबंधन के वरिष्ठ नेता तमिलनाडु के पूर्व मुख्यमंत्री और DMK अध्यक्ष एमके स्टालिन से मुलाकात करने चेन्नई पहुंच रहे हैं। इस बैठक में DMK से प्रस्तावित परिसीमन विधेयकों का विरोध करने के लिए समर्थन मांगा जाएगा।
गठबंधन के नेताओं से मुलाकात से पहले एमके स्टालिन ने चेन्नई के ग्रीनवेज रोड स्थित तमिलनाडु विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उदयनिधि स्टालिन के आवास कुरिंजी इलम में पार्टी के प्रमुख पदाधिकारियों के साथ चर्चा की। वहीं, स्टालिन के टेयनमपेट स्थित आवास के आसपास सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।
इस बीच DMK की पदाधिकारी और अधिवक्ता सरन्या नटराजन भी आवास के बाहर पहुंचीं। उनके हाथ में 'Go Back Congress' लिखे पोस्टर थे। इस घटनाक्रम के बीच कांग्रेस और DMK के नेताओं की प्रस्तावित मुलाकात को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है।
INDIA Bloc leaders head to meet former Tamil Nadu Chief Minister & DMK President Shri @mkstalin. 📍Tamil Nadu https://t.co/4lrhe6EV27
— Congress (@INCIndia) November 29, 2026
राहुल गांधी ने स्टालिन से मांगा समर्थन
चेन्नई रवाना होने से पहले राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर एमके स्टालिन और DMK से परिसीमन के खिलाफ INDIA गठबंधन के साथ खड़े होने की अपील की। उन्होंने कहा कि गठबंधन के वरिष्ठ नेता चेन्नई जाकर स्टालिन से मुलाकात करेंगे और उनसे परिसीमन संबंधी संविधान संशोधन विधेयकों का विरोध करने का आग्रह करेंगे।
राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि लोकसभा की सीटों की संख्या 850 तक बढ़ाने का प्रस्ताव भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) को अपने राजनीतिक हितों के मुताबिक देश का चुनावी नक्शा बदलने का अवसर दे सकता है। उन्होंने कहा कि तमिलनाडु के हितों और संविधान की रक्षा के लिए विपक्षी दलों को मिलकर इस विधेयक का विरोध करना चाहिए।
स्टालिन बोले- तमिलनाडु के हितों से समझौता नहीं
राहुल गांधी की पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए एमके स्टालिन ने DMK की संवैधानिक अधिकारों और राज्यों के हितों की रक्षा में ऐतिहासिक भूमिका को स्वीकार करने के लिए उनका आभार जताया। स्टालिन ने कहा कि उनकी पार्टी इस रास्ते पर कोई समझौता नहीं करेगी। उन्होंने जोर दिया कि DMK हमेशा तमिलनाडु और वहां के लोगों के हितों को प्राथमिकता देकर फैसले लेती रही है।
30 नवंबर से शुरू होगा संसद का विशेष सत्र
यह मुलाकात संसद के 30 नवंबर से शुरू होने वाले विशेष सत्र से पहले हो रही है। इस सत्र में केंद्र सरकार परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े संशोधित विधायी प्रस्ताव पेश करने की तैयारी में है।
प्रस्तावित विधायी पैकेज में संविधान (132वां संशोधन) विधेयक, 2026, परिसीमन (द्वितीय) विधेयक, 2026 और केंद्रशासित प्रदेशों से जुड़े कानूनों में संशोधन शामिल हैं।
इन प्रस्तावों के तहत लोकसभा की अधिकतम सदस्य संख्या बढ़ाकर 850 करने का प्रावधान है। इसमें राज्यों से अधिकतम 815 और केंद्रशासित प्रदेशों से 35 सदस्य शामिल हो सकते हैं। परिसीमन को लेकर केंद्र और विपक्षी दलों के बीच जारी मतभेदों के बीच संसद का आगामी विशेष सत्र राजनीतिक रूप से अहम माना जा रहा है।
और पढ़ें: 'ड्रग्स और नशा बड़ी चुनौती', PM मोदी ने युवाओं से की बचाने की अपील
NDA की पासिंग आउट परेड में राजनाथ सिंह का बड़ा संदेश, कहा-हम शहीद सैनिकों के....