V.S. Babu Death: तमिलनाडु की राजनीति से दुखद खबर सामने आई है। तमिलगा वेत्री कझगम (TVK) के विधायक वीएस बाबू का गुरुवार को चेन्नई के MGM हेल्थकेयर अस्पताल में निधन हो गया। वह लंबे समय से सांस संबंधी बीमारी से जूझ रहे थे। अस्पताल के मुताबिक, इलाज के दौरान उनकी हालत लगातार बिगड़ती गई और गुरुवार दोपहर उन्हें कार्डियक अरेस्ट आया। इसके बाद दोपहर 2 बजकर 24 मिनट पर उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।
अस्पताल की ओर से जारी बयान के अनुसार, वीएस बाबू को 9 सितंबर 2026 को भर्ती कराया गया था। इसके बाद से वह गहन चिकित्सा देखरेख में थे। डॉक्टरों की कई विशेषज्ञों वाली टीम ने उनका इलाज किया, लेकिन उनकी स्थिति में सुधार नहीं हो सका।
चुनाव में एमके स्टालिन को हराकर आए थे चर्चा में
वीएस बाबू को 2026 के तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में बड़ी जीत के बाद राज्य की राजनीति में खास पहचान मिली थी। उन्होंने कोलाथुर विधानसभा सीट पर DMK अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री एमके स्टालिन को हराया था। यह सीट लंबे समय से स्टालिन का मजबूत चुनावी क्षेत्र मानी जाती रही थी। चुनाव परिणाम में वीएस बाबू को 82,997 वोट मिले थे, जबकि एमके स्टालिन को 74,202 वोट हासिल हुए थे। इस तरह बाबू ने 8,795 मतों के अंतर से जीत दर्ज की थी। इस नतीजे को बड़ा राजनीतिक उलटफेर माना गया था, क्योंकि स्टालिन 2011 से लगातार इस सीट का प्रतिनिधित्व कर रहे थे। 2021 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने यहां से 70,384 वोटों के बड़े अंतर से जीत हासिल की थी।
पहले DMK में भी रह चुके थे वीएस बाबू
वीएस बाबू का राजनीतिक सफर DMK से भी जुड़ा रहा था। वह पहले पार्टी के उत्तर चेन्नई जिला सचिव रह चुके थे। साल 2006 में उन्होंने DMK के टिकट पर पुरसावक्कम विधानसभा सीट से चुनाव जीतकर विधायक का पद हासिल किया था। बाद में वह TVK से जुड़े और 2026 के विधानसभा चुनाव में कोलाथुर सीट से उम्मीदवार बने। इसी चुनाव में स्टालिन को हराकर उन्होंने राष्ट्रीय स्तर पर भी सुर्खियां बटोरी थीं।
मुख्यमंत्री कार्यालय ने जताया दुख
वीएस बाबू के निधन पर तमिलनाडु के मुख्यमंत्री कार्यालय ने भी शोक व्यक्त किया है। आधिकारिक X हैंडल से जारी संदेश में कहा गया कि कोलाथुर के विधायक का बीमारी के बाद निधन बेहद दुखद है। मुख्यमंत्री कार्यालय ने उन्हें जनसेवा के लिए समर्पित नेता बताते हुए कहा कि वह आम लोगों के बीच रहते थे और उन्होंने जनता का भरोसा तथा समर्थन हासिल किया था। उनके निधन को अपूरणीय क्षति बताते हुए परिवार, रिश्तेदारों, दोस्तों, TVK कार्यकर्ताओं और कोलाथुर के लोगों के प्रति संवेदना जताई गई।
यह भी पढ़ें: प्रयागराज में बनेगा औद्योगिक कॉरिडोर, 4 गांवों के किसानों की जमीन बनी ‘सोना’, युवाओं को मिलेगा रोजगार