लखनऊ : बहुजन समाज पार्टी (BSP) की राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश की चार बार मुख्यमंत्री रह चुकीं मायावती ने सोमवार को लखनऊ स्थित पार्टी के उत्तर प्रदेश राज्य कार्यालय में वरिष्ठ पदाधिकारियों के साथ अहम बैठक की। बैठक में खास तौर पर पार्टी उम्मीदवारों के चयन की प्रगति समेत आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों की गहन समीक्षा की गई।

BSP की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, बैठक में उत्तर प्रदेश स्टेट, मंडल यूनिट और सभी 75 जिलों के जिलाध्यक्षों सहित वरिष्ठ पदाधिकारी शामिल हुए। बैठक में संगठन की तैयारियों और चुनावी रणनीति पर विस्तार से चर्चा हुई।

बूथ स्तर पर संगठन मजबूत करने पर जोर

पार्टी के मुताबिक, पिछले दो बैठकों में निर्वाचन आयोग द्वारा कराए गए एसआईआर (SIR) संबंधी कार्यों की प्रगति और बूथ स्तर तक पार्टी कार्यकर्ताओं की पहुंच को लेकर समीक्षा की गई। मायावती ने संगठन की कमियों को समयबद्ध तरीके से दूर करने के निर्देश दिए।

उन्होंने बदलते राजनीतिक हालात को देखते हुए पार्टी को अधिक प्रभावी बनाने का आह्वान किया। मायावती ने कहा कि विपक्षी दलों के साम, दाम, दंड और भेद जैसे हथकंडों का मुकाबला करते हुए BSP को उत्तर प्रदेश में कानून द्वारा कानून का बेहतर राज तथा ‘सर्वजन हिताय, सर्वजन सुखाय’ की सरकार बनाने के लिए पूरी ताकत से काम करना चाहिए।

फर्जी घोषणाओं और लुभावने वादों से जनता को सावधान रहने की अपील

मायावती ने आरोप लगाया कि चुनाव के दौरान विरोधी दल विभिन्न प्रकार के लुभावने वादों और घोषणाओं के माध्यम से जनता को प्रभावित करने का प्रयास करते हैं। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से ऐसे वादों और घोषणाओं को लेकर जनता को जागरूक करने की अपील की।

उन्होंने कहा कि जनता को विरोधी पार्टियों के छलावे और विश्वासघात से बचाते हुए अपने वोट की ताकत का स्वतंत्र एवं निष्पक्ष होकर इस्तेमाल करना चाहिए, ताकि देश और जनहित में बेहतर सरकार का चुनाव हो सके।

महिलाओं और युवाओं को लेकर भी दिए निर्देश

बैठक से पहले पार्टी संगठन से संबंधित मंडलीय प्रगति रिपोर्ट लेने के बाद मायावती ने चुनावी स्वार्थ के लिए महिलाओं, युवाओं आदि को विभिन्न प्रकार के लुभावने वादों के जरिए प्रभावित करने की राजनीति से सावधान रहने को कहा।

उन्होंने कहा कि चुनाव के समय किए जाने वाले वादों और घोषणाओं की वास्तविकता को जनता तक पहुंचाना जरूरी है, ताकि मतदाता सही तथ्यों के आधार पर अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर सकें।

मायावती ने कहा कि BSP का उद्देश्य केवल चुनाव जीतना नहीं, बल्कि शोषण, अत्याचार और भ्रष्टाचार से मुक्त ‘सर्वजन हिताय, सर्वजन सुखाय’ की सरकार बनाकर जनता की अपेक्षाओं और आकांक्षाओं को पूरा करना है।