Sonia Gandhi Memoir: कांग्रेस संसदीय दल (CPP) की अध्यक्ष सोनिया गांधी की बहुप्रतीक्षित आत्मकथा 'Belonging: A Journey of Love' मंगलवार, 10 नवंबर को देशभर के बुकस्टोर्स में उपलब्ध होगी। प्रकाशक हार्पर कॉलिन्स के मुताबिक, पाठक सुबह 10 बजे से यह किताब खरीद सकेंगे। इस आत्मकथा में सोनिया गांधी ने अपने बचपन से लेकर भारत आने, पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी से प्रेम और सार्वजनिक जीवन के संघर्षों तक के सफर को अपने शब्दों में बयां किया है।

हार्पर कॉलिन्स ने सोमवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट साझा कर किताब की रिलीज की जानकारी दी। प्रकाशक ने लिखा कि देशभर में इस किताब को लेकर उत्साह बढ़ रहा है और कई बुकस्टोर्स इसे पाठकों के स्वागत के लिए तैयार हैं। प्रकाशक के मुताबिक, यह एक ऐसी महिला की कहानी है, जिसने एक व्यक्ति और एक देश से प्रेम किया, अपनी जिंदगी को नए सिरे से गढ़ने की ताकत जुटाई और भारत की सेवा की।

अपनी कहानी खुद बताना चाहती थीं सोनिया गांधी
सोनिया गांधी ने आत्मकथा लिखने के फैसले को लेकर कहा था कि एक समय ऐसा आया, जब उन्हें लगा कि अपनी कहानी उन्हें खुद अपने शब्दों में बतानी चाहिए। शनिवार को उन्होंने अखबार 'द हिंदू' को दिए बयान का एक अंश एक्स पर साझा किया था। उन्होंने कहा कि काफी समय पहले उन्होंने और राजीव गांधी ने यह तय कर लिया था कि उनके बारे में लिखी जाने वाली हर बात का जवाब देना जरूरी नहीं है। हालांकि, बाद में उन्हें महसूस हुआ कि अब अपनी जिंदगी की कहानी खुद सामने रखने का समय आ गया है।

राहुल गांधी ने मां के 60 साल के सार्वजनिक जीवन को किया याद
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने भी अपनी मां सोनिया गांधी को लेकर एक भावुक पोस्ट साझा किया। उन्होंने लिखा, 'सार्वजनिक जीवन में 60 साल और आज भी वही इंसान। मां, मुझे आप पर गर्व है।'


राहुल गांधी ने सोनिया गांधी के उस बयान का अंश भी साझा किया, जिसमें उन्होंने अपने जीवन के मूल्यों के बारे में बात की थी। सोनिया गांधी के मुताबिक, परिवार और दोस्तों के प्रति वफादारी, दूसरों के प्रति संवेदनशीलता, ईमानदारी और जिम्मेदारी जैसे मूल्य आज भी उनके जीवन का हिस्सा हैं। उन्होंने कहा कि इन मूल्यों के मामले में वह आज भी वही इंसान हैं, जिनसे राजीव गांधी 60 साल पहले मिले थे।

इटली से भारत तक का सफर, राजीव गांधी से प्रेम की कहानी
'Belonging: A Journey of Love' में सोनिया गांधी के इटली में बीते बचपन, कैम्ब्रिज में पढ़ाई के दौरान राजीव गांधी से मुलाकात और उनके प्रेम संबंधों का जिक्र है। किताब में पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी और राजीव गांधी की हत्याओं के बाद सोनिया गांधी की जिंदगी में आए बड़े बदलावों और व्यक्तिगत दुखों को भी जगह दी गई है।

इटली में जन्मीं सोनिया गांधी 1965 में महज 19 साल की उम्र में इंग्लैंड के कैम्ब्रिज में पढ़ाई कर रही थीं, तभी उनकी मुलाकात राजीव गांधी से हुई थी। दोनों ने 25 फरवरी 1968 को शादी की थी।

देशभर के प्रमुख बुकस्टोर्स पर मिलेगी किताब
हार्पर कॉलिन्स के अनुसार, यह किताब देश के कई प्रमुख बुकस्टोर्स पर उपलब्ध होगी। इनमें चेन्नई का हिगिनबॉथम्स, दिल्ली के बहरीसन्स और मिडलैंड, मुंबई के द व्हाइट क्रो और टाइटल वेव्स, केरल के मातृभूमि बुक्स और कर्नाटक के ब्लॉसम्स व द बुकवर्म शामिल हैं। इसके अलावा क्रॉसवर्ड के विभिन्न आउटलेट्स पर भी इसे खरीदा जा सकेगा।

प्रकाशक अल्फ्रेड ए. नॉफ ने 18 अगस्त को घोषणा की थी कि सोनिया गांधी की यह आत्मकथा 10 नवंबर को प्रकाशित होगी। 

और पढ़ें: मेरठ के फलावदा में बदला कॉलेज का नाम, अब ‘चौधरी चरण सिंह पीजी कॉलेज’ के नाम से जाना जाएगा