Red Fort Blast Anniversary: राजधानी दिल्ली में लाल किले के बाहर हुए भीषण कार बम धमाके को आज यानी मंगलवार को एक साल पूरा हो गया है, लेकिन इस हादसे के जख्म अब भी पीड़ित परिवारों और प्रत्यक्षदर्शियों के दिलों में ताजा हैं। किसी परिवार ने अपना कमाने वाला सदस्य खो दिया तो किसी की जिंदगी हमेशा के लिए बदल गई। 10 नवंबर 2025 को हुए इस धमाके में 11 लोगों की मौत हुई थी। हादसे के एक साल बाद भी पीड़ित परिवार शारीरिक, मानसिक और आर्थिक परेशानियों से जूझ रहे हैं।
धमाके ने छीनी अंकुर की देखने और सुनने की क्षमता
इस हादसे में शाहदरा से गौरी शंकर मंदिर में दर्शन करने आए अंकुर गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उनके पिता के मुताबिक, धमाके के बाद अंकुर की हालत ऐसी हो गई कि अब वह न तो देख सकते हैं और न ही सुन सकते हैं। परिवार आज भी हादसे के बाद पैदा हुई मुश्किलों से जूझ रहा है। एक साल बीत जाने के बावजूद उनकी जिंदगी पहले जैसी नहीं हो सकी है।
मोहसिन की मौत से उजड़ गया परिवार, दो बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
धमाके ने मोहसिन मलिक के परिवार को भी गहरा सदमा दिया। दिल्ली में पत्नी और दो बच्चों के साथ रहने वाले मोहसिन परिवार के इकलौते कमाने वाले सदस्य थे। उनकी मौत के बाद परिवार के सामने भावनात्मक दुख के साथ आर्थिक संकट भी खड़ा हो गया।
मोहसिन के भाई वसीम ने फोन पर बताया कि परिवार आज भी इस नुकसान से उबर नहीं पाया है। उन्होंने आरोप लगाया कि हादसे के बाद सरकार की ओर से मिली सहायता के अलावा किसी ने भी परिवार की सुध लेने की कोशिश नहीं की। एक साल बाद भी परिवार अपने प्रियजन को खोने के दर्द के साथ जीने को मजबूर है।
धमाके की आवाज और बिखरे शीशे आज भी नहीं भूले दुकानदार
लाल किले के पास स्थित पुरानी लाजपत राय मार्केट के दुकानदारों पर भी इस धमाके का गहरा असर पड़ा था। स्थानीय दुकानदार जोगिंदर सिंह ने नवंबर 2025 के उस खौफनाक दिन को याद करते हुए बताया कि धमाके के तुरंत बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई थी। मेट्रो स्टेशन के शीशे टूटकर बिखर गए थे और चारों तरफ धुआं फैल गया था।
उन्होंने बताया कि उस दिन को याद करते ही आज भी मन विचलित हो जाता है। हालांकि, अब इलाके में सुरक्षा व्यवस्था पहले से ज्यादा सख्त हो गई है और लोगों में भी सतर्कता बढ़ी है।
एक अन्य दुकानदार ने बताया कि धमाके के समय वह बाजार में मौजूद था और उसकी मोटरसाइकिल भी धमाके वाली जगह के सामने खड़ी थी। विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। आसपास की दुकानों के शीशे भी टूट गए थे। दुकानदार के मुताबिक, उस दिन के मंजर को याद करने भर से आज भी रोंगटे खड़े हो जाते हैं।
एक साल बाद लाल किले के आसपास बढ़ाई गई सुरक्षा
10 नवंबर को धमाके की पहली बरसी पर दिल्ली के लाल किले के आसपास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पिछले साल हुए कार बम विस्फोट में 11 लोगों की जान चली गई थी। घटना की जांच और कानूनी कार्रवाई अपनी जगह जारी है, लेकिन जिन परिवारों ने अपनों को खोया और जो लोग इस हादसे में घायल हुए, उनके लिए यह त्रासदी आज भी रोजमर्रा की जिंदगी का हिस्सा बनी हुई है।
एक साल बाद भी किसी के घर में अपनों की कमी है, तो कोई जिंदगीभर के लिए शारीरिक और मानसिक जख्म लेकर जी रहा है। वक्त भले ही गुजर गया हो, लेकिन 10 नवंबर 2025 का वह खौफनाक दिन पीड़ितों के लिए आज भी एक दर्दनाक हकीकत है।
और पढ़ें: 'माफिया को पनाह देने वाले अब राम का नाम जप रहे हैं', अखिलेश पर बरसे डिप्टी CM ब्रजेश पाठक