Sonia Gandhi Memoir Controversy: कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी की नई आत्मकथा 'Belonging: A Journey of Love' के रिलीज होते ही देश की राजनीति में विवाद शुरू हो गया है। बाबरी मस्जिद विध्वंस को लेकर किताब में सोनिया गांधी की टिप्पणियों पर बीजेपी ने सवाल उठाए हैं। वहीं, कांग्रेस नेताओं ने बीजेपी के आरोपों को खारिज करते हुए पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी और वरिष्ठ बीजेपी नेता लालकृष्ण आडवाणी के पुराने बयानों का हवाला दिया है।
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि बाबरी मस्जिद विध्वंस की घटना पर उस समय बीजेपी के वरिष्ठ नेताओं ने भी अफसोस जताया था। ऐसे में सोनिया गांधी की टिप्पणी को राजनीतिक विवाद का मुद्दा बनाना उचित नहीं है।
सलमान खुर्शीद बोले- घटना पर सभी को था गहरा अफसोस
कांग्रेस नेता सलमान खुर्शीद ने समाचार एजेंसी ANI से बातचीत में कहा कि बाबरी मस्जिद विध्वंस के समय केंद्र में कांग्रेस की सरकार थी और इस घटना को लेकर सभी के मन में गहरा अफसोस था। उन्होंने कहा कि उस समय बीजेपी के नेताओं ने भी इस घटना पर दुख जताया था।
खुर्शीद ने कहा कि लालकृष्ण आडवाणी ने भी कहा था कि वह ऐसा नहीं चाहते थे। वहीं, अटल बिहारी वाजपेयी ने भी इस घटना को लेकर इसी तरह की भावना जाहिर की थी। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में किसी को भी ताकत के दम पर उसकी दिशा बदलने की कोशिश नहीं करनी चाहिए।
राजीव शुक्ला ने पूछा- क्या अटल-अडवाणी के दिल में भी बाबर था?
कांग्रेस सांसद राजीव शुक्ला ने बीजेपी पर सोनिया गांधी की आत्मकथा को बेवजह विवाद में बदलने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि जब बाबरी मस्जिद गिराई गई थी, तब अटल बिहारी वाजपेयी ने इसकी कड़ी आलोचना की थी। लालकृष्ण आडवाणी ने इसे गंभीर गलती बताया था और जसवंत सिंह ने भी इसकी निंदा की थी।
शुक्ला ने बीजेपी नेताओं पर तंज कसते हुए सवाल किया कि क्या बाबर उनके दिल में भी बसता था? उन्होंने कहा कि इस किताब को राजनीतिक रंग देने की जरूरत नहीं है। बीजेपी जानबूझकर आत्मकथा को विवाद का विषय बना रही है।
सलमान खुर्शीद ने भी बीजेपी के हमलों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि नेताओं को शोर मचाने के बजाय पहले किताब पढ़नी चाहिए और फिर उसकी बातों को समझने की कोशिश करनी चाहिए।
बीजेपी ने बताया 'Belonging' को 'Whitewashing'
इससे पहले बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता सीआर केसवन ने सोनिया गांधी की आत्मकथा पर निशाना साधा था। उन्होंने कहा कि किताब का नाम 'Belonging' की जगह 'Whitewashing' होना चाहिए था। उनके मुताबिक, इस किताब के जरिए नेहरू-गांधी परिवार और कांग्रेस पार्टी की ऐतिहासिक गलतियों पर पर्दा डालने की कोशिश की गई है।
केसवन ने बाबरी मस्जिद विध्वंस, 1984 के सिख विरोधी दंगों, बाटला हाउस मुठभेड़ और 26/11 मुंबई आतंकी हमलों को लेकर सोनिया गांधी की टिप्पणियों पर सवाल उठाए।
उन्होंने पूछा कि क्या सोनिया गांधी ने 1984 के सिख विरोधी दंगों में मारे गए निर्दोष लोगों के लिए भी इसी तरह दुख जताया था? उन्होंने कहा कि उस दौरान गुरुद्वारों पर हमले हुए और हजारों निर्दोष लोगों को निशाना बनाया गया था।
बाटला हाउस और 26/11 का जिक्र कर बीजेपी ने उठाए सवाल
सीआर केसवन ने बाटला हाउस मुठभेड़ को लेकर सोनिया गांधी की कथित भावनात्मक प्रतिक्रिया पर भी सवाल उठाया। उन्होंने पूछा कि क्या उन्होंने 26/11 मुंबई आतंकी हमलों में शहीद हुए सुरक्षाकर्मियों और मारे गए निर्दोष नागरिकों के लिए भी इसी तरह दुख जताया था?
इस तरह सोनिया गांधी की आत्मकथा के रिलीज होते ही बाबरी मस्जिद विध्वंस से लेकर 1984 के दंगों और बाटला हाउस मुठभेड़ तक के मुद्दे फिर से राजनीतिक बहस के केंद्र में आ गए हैं। कांग्रेस जहां बीजेपी पर किताब को राजनीतिक रंग देने का आरोप लगा रही है, वहीं बीजेपी इसे इतिहास की घटनाओं पर एकतरफा नजरिया पेश करने की कोशिश बता रही है।
और पढ़ें: लाल किले के बाहर हुए धमाके को एक साल, किसी ने खोया बेटा तो किसी का उजड़ गया परिवार; आज भी जख्म ताजा