Harcharan Singh Bhullar Arrested: पंजाब पुलिस के निलंबित डीआईजी हरचरण सिंह भुल्लर को मनी लॉन्ड्रिंग मामले में प्रवर्तन निदेशालय ने गिरफ्तार किया है। जांच एजेंसी के मुताबिक, सीबीआई की तलाशी में करोड़ों रुपये की नकदी और गहने मिले थे। पंजाब पुलिस के निलंबित डीआईजी हरचरण सिंह भुल्लर की मुश्किलें बढ़ गई हैं। प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने भ्रष्टाचार और आय से अधिक संपत्ति से जुड़े मामले में उन्हें गिरफ्तार किया है। चंडीगढ़ की विशेष पीएमएलए अदालत ने पूछताछ के लिए उन्हें आठ दिन की हिरासत में भेज दिया है।
ईडी के चंडीगढ़ जोनल कार्यालय की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, भुल्लर को 9 अक्टूबर को धन शोधन निवारण अधिनियम (PMLA), 2002 की धारा 19 के तहत गिरफ्तार किया गया था। यह कार्रवाई भ्रष्टाचार और ज्ञात आय से अधिक संपत्ति से जुड़े मामले की जांच के तहत की गई है।
8 लाख रुपये की रिश्वत मांगने का आरोप
ईडी के मुताबिक, जांच में सामने आया कि हरचरण सिंह भुल्लर ने एक आपराधिक मामले में कथित तौर पर राहत देने के बदले बिचौलिए के जरिए रिश्वत मांगी थी। एजेंसी का आरोप है कि शिकायतकर्ता को अपना कारोबार जारी रखने और पुलिस की दखल से बचाने के लिए 8 लाख रुपये की मांग की गई थी। जांच एजेंसी के अनुसार, मांगी गई रकम में से 5 लाख रुपये कथित तौर पर बिचौलिए कृष्णानु शारदा के माध्यम से लिए गए थे। ईडी ने इस मामले में कृष्णानु शारदा को 18 सितंबर 2026 को पीएमएलए के प्रावधानों के तहत गिरफ्तार किया था। एजेंसी उसे भुल्लर का कथित मध्यस्थ बता रही है।
तलाशी में 7.37 करोड़ रुपये नकद मिलने का दावा
इस मामले में सीबीआई की भ्रष्टाचार निरोधक शाखा, चंडीगढ़ की ओर से दर्ज दो एफआईआर के आधार पर ईडी ने मनी लॉन्ड्रिंग की जांच शुरू की थी। इन एफआईआर में हरचरण सिंह भुल्लर, कृष्णानु शारदा और अन्य लोगों के नाम शामिल बताए गए हैं। मामले में भारतीय न्याय संहिता, 2023 और भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 के प्रावधानों के तहत कार्रवाई की गई थी। ईडी की प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक, सीबीआई ने भुल्लर के आवास पर तलाशी के दौरान 7.37 करोड़ रुपये नकद और करीब 2.32 करोड़ रुपये मूल्य के गहने बरामद किए थे। इसके अलावा लग्जरी घड़ियां, महंगी गाड़ियां, बैंक में जमा रकम और अचल संपत्तियों से जुड़े दस्तावेज भी मिलने की जानकारी दी गई।
बैंक खातों में 1.42 करोड़ रुपये की रकम फ्रीज
ईडी ने बाद में पीएमएलए की धारा 17 के तहत भी तलाशी की कार्रवाई की। एजेंसी के अनुसार, इस दौरान 8.35 लाख रुपये नकद जब्त किए गए और करीब 1.42 करोड़ रुपये की शेष राशि वाले बैंक खातों को फ्रीज किया गया। जांच एजेंसी का कहना है कि शुरुआती जांच में कथित अपराध से प्राप्त धन को हासिल करने, अपने पास रखने, छिपाने और इस्तेमाल करने में भुल्लर की भूमिका सामने आई है। फिलहाल मामले की जांच जारी है। आरोपों पर अंतिम फैसला अदालत में साक्ष्यों के आधार पर होगा।
यह भी पढ़े- Rahul Gandhi on Protest: ‘शिव का तांडव चल रहा है’, राहुल गांधी बोले- विरोध की कोई योजना नहीं, आंदोलन जारी रहेगा