Ghaziabad Cricket Stadium: यूपी के क्रिकेट प्रेमियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। गाजियाबाद में अंतरराष्ट्रीय स्तर का क्रिकेट स्टेडियम बनाने की तैयारी शुरू हो गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को आवास एवं शहरी नियोजन विभाग की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को इसके लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। प्रस्तावित स्टेडियम में 35 से 40 हजार दर्शकों के बैठने की क्षमता होगी। इसके निर्माण के लिए गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (GDA) और उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (UPCA) मिलकर संभावनाओं का अध्ययन करेंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि गाजियाबाद में अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप क्रिकेट स्टेडियम विकसित किया जाना चाहिए। इसके लिए रेवेन्यू शेयर मॉडल पर निर्माण की संभावनाएं तलाशने और आपसी समन्वय से विस्तृत प्रस्ताव तैयार करने को कहा गया है। अगर यह योजना जमीन पर उतरती है तो गाजियाबाद को एक बड़े अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट केंद्र के रूप में नई पहचान मिल सकती है।

रेवेन्यू शेयर मॉडल पर होगा स्टेडियम का निर्माण

सीएम योगी आदित्यनाथ ने निर्देश दिए कि स्टेडियम निर्माण के लिए गाजियाबाद विकास प्राधिकरण और यूपी क्रिकेट एसोसिएशन आपस में समन्वय बनाकर काम करें। दोनों संस्थाएं रेवेन्यू शेयर मॉडल के तहत परियोजना की व्यवहारिकता का अध्ययन करेंगी। इसके बाद निर्माण से जुड़ी विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर शासन को प्रस्तुत की जाएगी।

CM योगी की प्रदेशवासियों से अपील, बोले- अधिकारों के साथ कर्तव्यों को भी याद रखें

2051 तक 4.9 करोड़ होगी राज्य राजधानी क्षेत्र की आबादी

बैठक में उत्तर प्रदेश राज्य राजधानी क्षेत्र की GIS आधारित क्षेत्रीय योजना-2051 की प्रगति की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि इस क्षेत्र में लखनऊ, सीतापुर, हरदोई, बाराबंकी, उन्नाव और रायबरेली को शामिल किया गया है। कुल 27,826 वर्ग किलोमीटर में फैले इस क्षेत्र की वर्तमान आबादी करीब 2.92 करोड़ है, जो वर्ष 2051 तक बढ़कर 4.9 करोड़ होने का अनुमान है।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्धारित समयसीमा में प्रारूप योजना को अंतिम रूप देने के निर्देश दिए। साथ ही आम लोगों से मिलने वाली आपत्तियों और सुझावों का पारदर्शी तरीके से निस्तारण करने को कहा। योजना को अंतिम मंजूरी मिलने के बाद अगले पांच वर्षों की परियोजनाओं की डीपीआर तैयार करने का काम भी तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए गए।

किस जिले में किस तरह का होगा विकास?

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य राजधानी क्षेत्र की विकास योजना तैयार करते समय सभी जिलों की अलग-अलग क्षमताओं और आर्थिक संभावनाओं को ध्यान में रखा जाए। इसके तहत अलग-अलग जिलों के लिए विकास का खाका तैयार किया गया है।

लखनऊ: अर्बन रेजिलिएंस और शहरी सुविधाओं का विकास।

रायबरेली: विनिर्माण और डिफेंस इंजीनियरिंग को बढ़ावा।

उन्नाव: औद्योगिक विस्तार।

बाराबंकी: कृषि आधारित उद्योग और इको-टूरिज्म।

हरदोई: संडीला औद्योगिक कॉरिडोर का विकास।

सीतापुर: नैमिषारण्य को ध्यान में रखकर पर्यटन विकास।

अधिकारियों के मुताबिक, वर्ष 2025 में इस क्षेत्र की नॉमिनल जीडीपी 3.58 लाख करोड़ रुपये रही और वार्षिक विकास दर 6.7 प्रतिशत दर्ज की गई। प्रदेश की अर्थव्यवस्था में इस क्षेत्र का योगदान करीब 12 प्रतिशत है।

विकास प्राधिकरणों में खाली पद जल्द भरे जाएंगे

बैठक में मुख्यमंत्री ने प्रदेश के विकास प्राधिकरणों में कर्मचारियों की कमी और कैडर संरचना की भी समीक्षा की। उन्होंने कहा कि बेहतर शहरी नियोजन और विकास योजनाओं को प्रभावी तरीके से लागू करने के लिए योग्य अधिकारियों और कर्मचारियों की उपलब्धता जरूरी है।

मुख्यमंत्री ने सभी विकास प्राधिकरणों में खाली पदों पर भर्ती और नियुक्ति की प्रक्रिया तेजी से पूरी करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही प्रत्येक विकास प्राधिकरण में स्थायी टाउन प्लानर की नियुक्ति सुनिश्चित करने को कहा, ताकि शहरों का विकास व्यवस्थित और सुनियोजित तरीके से किया जा सके।

और पढ़ें: पुष्कर मेले में छाई नन्ही पिंकी भैंस! BMW से भी ज्यादा है कीमत?