Political News: बीजेपी सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने राहुल गांधी की राजनीति पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि कांग्रेस चुनाव आयोग और संवैधानिक संस्थाओं पर बिना ठोस सबूत आरोप लगा रही है। ठाकुर ने तंज कसते हुए सवाल किया कि क्या देश राहुल गांधी की 'फीलिंग' के आधार पर चलेगा? अनुराग ठाकुर ने कहा कि राहुल गांधी के जहां कदम पड़ते हैं वहां पर भाजपा की जीत होती है। पंजाब में उनका आना एक सुखद संदेश भाजपा के लिए है कि भाजपा पंजाब में भी सरकार बनाएगी। उन्होंने आगे कहा, AAP ने 5 साल पहले क्या कहा था कि पंजाब को ड्रग्स मुक्त करेंगे। भ्रष्टाचार मुक्त करेंगे लेकिन मुक्त तो हुआ नहीं बल्कि यह सब ज्यादा बढ़ गया।
अनुराग ठाकुर ने क्या कहा?
अनुराग ठाकुर ने 1 नवंबर 2026 को हिमाचल प्रदेश के शिमला में मीडिया से बातचीत और सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए राहुल गांधी पर निशाना साधा। उन्होंने सवाल उठाया कि देश की राजनीति तथ्यों और नीतियों के आधार पर चलनी चाहिए या किसी नेता की व्यक्तिगत भावनाओं के आधार पर। ठाकुर ने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि वह विरोध प्रदर्शनों के जरिए देश में अस्थिरता और अराजकता का माहौल बनाने की कोशिश कर रही है।
'राज नहीं तो अराजकता फैला दो' का लगाया आरोप
बीजेपी सांसद ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि पार्टी चुनाव हारने के बाद कभी EVM तो कभी चुनाव आयोग पर सवाल उठाती है। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी लगातार संवैधानिक संस्थाओं को निशाना बना रहे हैं और वोट चोरी के आरोपों के समर्थन में पर्याप्त सबूत पेश नहीं कर रहे हैं। ठाकुर ने यह भी कहा कि लोकतंत्र में विरोध करना सभी का अधिकार है, लेकिन आरोपों के साथ प्रमाण देना भी जरूरी है।
राहुल गांधी ने क्या कहा था?
दरअसल, राहुल गांधी और विपक्षी दलों ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) और कथित वोट चोरी के मुद्दे पर चुनाव आयोग के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया था। विपक्ष का आरोप है कि मतदाता सूची में गड़बड़ियों के कारण कई योग्य मतदाताओं के नाम हटाए गए हैं। वहीं चुनाव आयोग का कहना है कि पुनरीक्षण प्रक्रिया का उद्देश्य डुप्लीकेट और अपात्र मतदाताओं के नाम हटाना है।
बीजेपी और कांग्रेस के बीच बढ़ी सियासी गरमी
राहुल गांधी के चुनाव आयोग पर लगाए गए आरोपों और विपक्ष के विरोध प्रदर्शन के बाद बीजेपी लगातार कांग्रेस पर सवाल उठा रही है। वहीं कांग्रेस चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता और मतदाताओं के अधिकारों की सुरक्षा की मांग कर रही है। इस मुद्दे पर दोनों दलों के बीच राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है।
यह भी पढ़ें: त्रिपुरा में BSF पर हमले का मामला! हथियार छीनने का किया था प्रयास, 9 आरोपी गिरफ्तार