रोमांस, शाही ठाठ-बाट और फैमिली ड्रामा से भरपूर वेब सीरीज 'The Royals' एक बार फिर दर्शकों का मनोरंजन करने के लिए तैयार है। सीरीज के दूसरे सीज़न की शूटिंग आधिकारिक तौर पर शुरू हो गई है। नए सीज़न में ईशान खट्टर, ज़ीनत अमान और साक्षी तंवर समेत ओरिजिनल कास्ट के कई कलाकार अपने पुराने किरदारों में वापसी करेंगे। नेटफ्लिक्स की इस सीरीज़ को लेकर दर्शकों के बीच एक बार फिर उत्साह बढ़ गया है।
ओरिजिनल स्टारकास्ट की होगी वापसी
मेकर्स ने मंगलवार को प्रेस रिलीज़ के जरिए दूसरे सीज़न की शूटिंग शुरू होने की जानकारी दी। ईशान खट्टर, ज़ीनत अमान और साक्षी तंवर के अलावा विहान समत और काव्या त्रेहान भी अपने-अपने किरदारों को दोबारा निभाते नजर आएंगे। नए सीजन में कुछ नए चेहरे और किरदार भी शामिल होने की उम्मीद है। इससे मोरपुर की शाही दुनिया में नए रिश्ते, गठबंधन, दुश्मनी और रोमांस देखने को मिलेगा।
रोमांस और फैमिली ड्रामा होगा और भी दिलचस्प
सीज़न 2 में दर्शकों को पहले से ज्यादा रोमांस, ह्यूमर, पारिवारिक तनाव और अप्रत्याशित ट्विस्ट देखने को मिलेंगे। क्रिएटर्स रंगिता प्रीतिश नंदी और इशिता प्रीतिश नंदी ने कहा कि भारत समेत दुनियाभर के दर्शकों से मिले प्यार ने उनके लिए इस शो के सफर को बेहद खास बना दिया है।
उनके मुताबिक, मोरपुर ने महल की दीवारों से बाहर निकलकर दर्शकों के दिलों में अपनी खास जगह बनाई है। आने वाला सीज़न पुराने किरदारों की कहानी को आगे बढ़ाने के साथ मनोरंजन का स्तर भी बढ़ाएगा।
नित्या मेहरा और तनुज चोपड़ा संभालेंगे निर्देशन
सीरीज़ के नए सीजन का निर्देशन नित्या मेहरा और तनुज चोपड़ा करेंगे। नेटफ्लिक्स इंडिया की सीरीज़ हेड तान्या बामी ने भी दूसरे सीज़न को लेकर खुशी जाहिर की है। उन्होंने कहा कि भारतीय शाही विरासत और फॉरबिडन रोमांस का अनोखा मेल दर्शकों को काफी पसंद आया है।
कब रिलीज होगा The Royals Season 2?
फिलहाल 'द रॉयल्स' का दूसरा सीजन प्रोडक्शन स्टेज में है और इसकी रिलीज डेट का आधिकारिक ऐलान नहीं हुआ है। सीरीज नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम होगी। ऐसे में दर्शकों को मोरपुर की शाही दुनिया में नए रोमांस, रिश्तों की उलझनों, रॉयल राइवलरी और जबरदस्त ड्रामे का इंतजार रहेगा।
ये भी पढे़ं: भोजपुरी पर्दे पर लौटेगा पारिवारिक ड्रामा! 'मंझली बहू' का ट्रेलर हुआ रिलीज