बिहार: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को बिहार दौरे पर पहुंचे, जहां उन्होंने वैशाली में कच्ची दरगाह-बिदुपुर पुल (नीतीश सेतु) का उद्घाटन किया। इसके साथ ही प्रधानमंत्री राज्य को करीब 34 हजार करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात दे रहे हैं। साथ ही इस दौरान सड़क, बिजली, स्वास्थ्य, शिक्षा, उद्योग और शहरी सुविधाओं से जुड़ी कई परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया जा रहा है।
पटना एयरपोर्ट पर नीतीश कुमार ने किया स्वागत
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज दोपहर में वायुसेना के विशेष विमान से पटना एयरपोर्ट पहुंचे। यहां बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। दोनों नेताओं के बीच मुलाकात के दौरान आत्मीयता देखने को मिली। पीएम मोदी ने इस मुलाकात की तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा करते हुए कहा कि पटना एयरपोर्ट पर नीतीश कुमार जी से मिलकर उन्हें अत्यंत प्रसन्नता हुई।
It was a delight to meet Nitish Kumar Ji at Patna airport. पटना एयरपोर्ट पर नीतीश कुमार जी से मिलकर अत्यंत प्रसन्नता हुई। @NitishKumar https://t.co/grj1X92Ma0
— Narendra Modi (@narendramodi) November 21, 2026
यह भी पढ़ें: देश में 32 फर्जी विश्वविद्यालय, दिल्ली में सबसे ज्यादा; दाखिले से पहले देखें पूरी सूची
नीतीश सेतु का किया उद्घाटन
इसके बाद प्रधानमंत्री खराब मौसम के बावजूद हेलीकॉप्टर से वैशाली के लिए रवाना हुए। वही वैशाली पहुंचने के बाद प्रधानमंत्री ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, राज्यपाल सैयद अता हसनैन, दोनों उपमुख्यमंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव और विजय कुमार चौधरी सहित केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान और अन्य नेताओं से भी मुलाकात की और नीतीश सेतु पहुंचे। यहां उन्होंने कच्ची दरगाह-बिदुपुर पुल का उद्घाटन किया और इसे बिहार के विकास के लिए महत्वपूर्ण परियोजना बताया।
करीब 5 हजार करोड़ रुपये की लागत से तैयार यह पुल पटना और वैशाली के बीच यातायात को सुगम बनाने में अहम भूमिका निभाएगा। पुल के शुरू होने से लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और क्षेत्रीय कनेक्टिविटी बेहतर होगी।
जनसभा में देंगे 34 हजार करोड़ की परियोजनाओं की सौगात
वही इस बीच प्रधानमंत्री वैशाली के राजापाकर प्रखंड स्थित जाफरपट्टी में आयोजित जनसभा को भी संबोधित करेंगे। इस कार्यक्रम के माध्यम से बिहार में करीब 34 हजार करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया जाएगा। कार्यक्रम स्थल पर बड़े पैमाने पर तैयारियां की गई हैं। करीब 20 लाख वर्गफीट क्षेत्र में पंडाल बनाया गया है और डेढ़ लाख से अधिक कुर्सियों की व्यवस्था की गई है। लोगों की सुविधा के लिए एलईडी स्क्रीन, शौचालय और पार्किंग की सुविधाएं भी तैयार की गई हैं।
यह भी पढ़ें: सिगरेट की लत पड़ सकती है भारी, COPD के इन लक्षणों को न करें नजरअंदाज
सुरक्षा के कड़े इंतजाम
प्रधानमंत्री के दौरे को देखते हुए पटना, वैशाली और आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है। हजारों पुलिसकर्मियों और अधिकारियों की तैनाती की गई है। एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन और गंगा नदी के आसपास भी सुरक्षा बलों को अलर्ट पर रखा गया है।
यह भी पढ़ें: कभी ट्रक क्लीनर था, आज सोशल मीडिया का मीम स्टार है 'लाफिंग बॉय', चाय की थड़ी से वायरल हुई किस्मत