सोचिए, आपने सालों मेहनत की, लाखों रुपये फीस भरी और हाथ में डिग्री भी आ गई। लेकिन बाद में पता चला कि जिस विश्वविद्यालय से आपने पढ़ाई की, उसकी डिग्री ही मान्य नहीं है। न नौकरी में काम आएगी और न आगे की पढ़ाई में। देश में ऐसे हजारों छात्र फर्जी विश्वविद्यालयों के जाल में फंस चुके हैं। अब विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (UGC) ने देशभर के 32 फर्जी विश्वविद्यालयों की सूची जारी कर छात्रों और अभिभावकों को सतर्क किया है।

दिल्ली में सबसे ज्यादा फर्जी विश्वविद्यालय

यूजीसी की राज्यवार सूची में दिल्ली सबसे ऊपर है। राजधानी में 12 फर्जी विश्वविद्यालय संचालित होने की जानकारी दी गई है। यानी देश के कुल 32 संस्थानों में करीब एक तिहाई दिल्ली में हैं। फरवरी 2026 तक की स्थिति के अनुसार, ये संस्थान देश के 12 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में फैले हुए हैं।

यह भी पढ़ें: रिसर्च करने वालों को OpenAI का तोहफा, 1 साल तक मुफ्त मिलेगा ChatGPT Plus, जानें कब से होगा अप्लाई

आयोग ने स्पष्ट किया है कि यूजीसी अधिनियम 1956 के तहत अधिकृत नहीं होने वाले संस्थानों की डिग्री मान्य नहीं होगी। ऐसी डिग्री के आधार पर न उच्च शिक्षा में प्रवेश लिया जा सकता है और न ही सरकारी या निजी क्षेत्र में नौकरी के लिए इसका इस्तेमाल किया जा सकता है।

किस राज्य में कितने फर्जी विश्वविद्यालय?

दिल्ली के बाद उत्तर प्रदेश का नंबर आता है, जहां चार संस्थान इस सूची में शामिल हैं। इनमें गांधी हिंदी विद्यापीठ, प्रयाग और महामाया टेक्निकल यूनिवर्सिटी के नाम बताए गए हैं।

आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, केरल, महाराष्ट्र, पुडुचेरी और पश्चिम बंगाल में दो-दो फर्जी विश्वविद्यालय हैं। वहीं अरुणाचल प्रदेश, हरियाणा, झारखंड और राजस्थान में एक-एक संस्थान सूची में शामिल है।

यह भी पढ़ें: सिगरेट की लत पड़ सकती है भारी, COPD के इन लक्षणों को न करें नजरअंदाज

दिल्ली के संस्थानों के नाम भी काफी आकर्षक हैं। इनमें यूनाइटेड नेशंस यूनिवर्सिटी, वर्ल्ड पीस ऑफ यूनाइटेड नेशंस यूनिवर्सिटी, कमर्शियल यूनिवर्सिटी लिमिटेड, वोकेशनल यूनिवर्सिटी और आध्यात्मिक विश्वविद्यालय जैसे नाम शामिल हैं। ऐसे नाम छात्रों को भ्रमित कर सकते हैं।

पश्चिम बंगाल में इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ अल्टरनेटिव मेडिसिन और इंस्टीट्यूट ऑफ अल्टरनेटिव मेडिसिन एंड रिसर्च के नाम सूची में हैं। वहीं केरल में इंटरनेशनल इस्लामिक यूनिवर्सिटी ऑफ प्रॉफेटिक मेडिसिन और सेंट जॉन्स यूनिवर्सिटी, किशनट्टम शामिल हैं।

राज्यवार फर्जी विश्वविद्यालयों की संख्या

• दिल्ली: 12 संस्थान
• उत्तर प्रदेश: 4 संस्थान
• आंध्र प्रदेश: 2 संस्थान
• कर्नाटक: 2 संस्थान
• केरल: 2 संस्थान
• महाराष्ट्र: 2 संस्थान
• पुडुचेरी: 2 संस्थान
• पश्चिम बंगाल: 2 संस्थान
• अरुणाचल प्रदेश: 1 संस्थान
• हरियाणा: 1 संस्थान
• झारखंड: 1 संस्थान
• राजस्थान: 1 संस्थान

यह भी पढ़ें: कभी ट्रक क्लीनर था, आज सोशल मीडिया का मीम स्टार है 'लाफिंग बॉय', चाय की थड़ी से वायरल हुई किस्मत

नाम देखकर न करें भरोसा

फर्जी विश्वविद्यालयों की पहचान उनके बड़े और आकर्षक नामों से होती है। कई संस्थान नाम में अंतरराष्ट्रीय संगठनों या प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों का जिक्र कर छात्रों को भ्रमित करते हैं। लेकिन केवल नाम बड़ा होने से किसी संस्थान को डिग्री देने का अधिकार नहीं मिल जाता।

ऐसे संस्थान न तो किसी केंद्रीय या राज्य कानून के तहत स्थापित होते हैं और न ही इन्हें डीम्ड विश्वविद्यालय का दर्जा प्राप्त होता है। इसलिए इनके द्वारा जारी डिग्रियां कानूनी रूप से मान्य नहीं होतीं।

दाखिले से पहले इन बातों की करें जांच

यूजीसी ने छात्रों को किसी भी संस्थान में दाखिला लेने से पहले उसकी कानूनी स्थिति, डिग्री देने के अधिकार और जरूरी नियामक मंजूरियों की जांच करने की सलाह दी है। छात्र आधिकारिक वेबसाइट ugc.gov.in पर जाकर विश्वविद्यालयों की मान्यता और फर्जी संस्थानों की सूची देख सकते हैं। खासकर ऑनलाइन और दूरस्थ शिक्षा के पाठ्यक्रमों में दाखिला लेते समय अतिरिक्त सावधानी बरतने की जरूरत है।

किसी संस्थान के कम समय में डिग्री देने, बिना परीक्षा प्रमाणपत्र जारी करने या आकर्षक विज्ञापनों के जरिए दाखिले का वादा करने पर सतर्क रहें। दाखिले से पहले की गई एक छोटी सी जांच आपके पैसे, समय और करियर को नुकसान से बचा सकती है।

यह भी पढ़ें: केक काटने के लिए चुकाने पड़े 10,600 रुपये, फूड इंफ्लुएंसर का वीडियो वायरल; बिल देखकर यूजर्स हैरान