Suryakumar Yadav: भारतीय टीम के पूर्व टी20आई कप्तान सूर्यकुमार यादव की अब दोबारा टीम इंडिया में वापसी नहीं होगी। सूर्या की अगुवाई में भारत ने आईसीसी टी20 विश्व कप 2026 की ट्रॉफी जीती, लेकिन इसके बाद अगली सीरीज में उनको ड्रॉप कर दिया गया और श्रेयस अय्यर को अगला कप्तान चुना गया।
अब मीडिया रिपोर्ट्स में यह कहा जा रहा है कि सूर्यकुमार यादव के लिए टीम इंडिया के दरवाजे फिलहाल पूरी तरह बंद हो चुके हैं। लेकिन सूर्या ने हार नहीं मानी है। वह इस समय सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2026-27 में खेल रहे हैं और पिछली तीन पारियों में दो अर्धशतक ठोक चुके हैं।
सूर्या के लिए दरवाजे बंद
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) सूत्रों के मुताबिक, भारत के 2026 टी20 वर्ल्ड कप जीतने वाले कप्तान सूर्यकुमार यादव के लिए भारतीय टीम में वापसी के दरवाजे फिलहाल पूरी तरह बंद हैं। सूत्र का कहना है, “हां, वह (सूर्य) कड़ी मेहनत कर रहा है और लिस्ट ए क्रिकेट में अच्छा प्रदर्शन कर रहा है। हालांकि, सवाल यह है कि हम उसे मौजूदा भारतीय टीम में कहां जगह दे सकते हैं। फिलहाल, बस कोई जगह खाली नहीं है।''
Suryakumar Yadav no longer part of our selection plans: BCCI source Read @ANI Story | https://t.co/fV6e1wpJJi #BCCI #India #SuryaKumarYadav https://t.co/b9ocG9wTdt
— ANI Digital (@ani_digital) November 21, 2026
बता दें कि, सूर्या पहले टीम इंडिया में नंबर चार पर खेला करते थे, लेकिन अब श्रेयस अय्यर ने इस स्थान पर अपनी पकड़ मजबूत कर ली है और ऐसे में उनको हटाना चयनकर्ताओं और टीम प्रबंधन के लिए काफी मुश्किल होगा।
हम यशस्वी को लेना चाहते हैं- सोर्स
बीसीसीआई के सूत्र ने यह भी कहा कि हम यशस्वी जायसवाल को टी20आई प्रारूप में लेना चाहते हैं, लेकिन उनका स्थान नहीं बन पा रहा है। उन्होंने कहा, ''हम यशस्वी जायसवाल जैसे युवा खिलाड़ी के लिए व्हाइट-बॉल क्रिकेट में जगह भी नहीं ढूंढ पाए हैं, तो सूर्य मौजूदा कॉम्बिनेशन में कहां फिट होंगे? अभी के हालात में, हम मौजूदा हालात में टीम के लिए उस पर विचार नहीं कर रहे हैं।”
इससे साफ है कि सूर्यकुमार यादव की फिलहाल टीम इंडिया में जगह नहीं है और यशस्वी जायसवाल को भी व्हाइट बॉल फॉर्मेट में अपनी जगह पुख्ता करने में कुछ और समय देना होगा।
सूर्या का शानदार फॉर्म जारी
36 वर्षींय सूर्यकुमार यादव को इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के प्रदर्शन के आधार पर टीम इंडिया से ड्रॉप किया गया था, लेकिन उनका हालिया फॉर्म कमाल का रहा है। इस अनुभवी विस्फोटक बल्लेबाज ने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2026-27 में हैदराबाद के खिलाफ 21 गेंदों पर नाबाद 60 रन बनाए तो गुजरात के खिलाफ उनके बल्ले से 29 गेंदों पर 82 रन निकले, जिसमें 9 चौके और सात छक्के शामिल थे। हालांकि, गोवा के खिलाफ वह 12 गेंदों पर सिर्फ 25 रन बनाकर आउट हो गए, लेकिन इस दौरान उनके बल्ले से तीन गगनचुंबी छक्के देखने को मिले।
ये भी पढ़ें- ‘मुस्लिम है इसलिए जगह नहीं मिली…’ मोहम्मद सिराज पर कांग्रेस MP का विवादास्पद बयान, गंभीर-शुभमन से पूछे तीखे सवाल!