उत्तर प्रदेश: बाराबंकी में आज शनिवार की सुबह पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर भीषण सड़क हादसा हो गया। जहां एक तेज रफ्तार एंबुलेंस सड़क पर खड़ी पिकअप में पीछे जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि एंबुलेंस के परखच्चे उड़ गए। इस हादसे में एंबुलेंस में सवार 5 लोगों की मौत हो गई। स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना के आधार पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

शव लेकर जा रही थी एंबुलेंस

गेरावां गांव के पास एक तेज रफ्तार एंबुलेंस सड़क पर खड़ी पिकअप में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एंबुलेंस के परखच्चे उड़ गए। हादसे में एंबुलेंस सवार 5 लोगों की मौत हो गई। हादसा सुबह करीब 6:30 बजे पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के किलोमीटर संख्या 53.3 पर हुआ। एंबुलेंस राजस्थान के जयपुर से एक व्यक्ति का शव लेकर पश्चिम बंगाल जा रही थी। इसी दौरान सुबेहा थाना क्षेत्र के पास एंबुलेंस आगे खड़ी पिकअप से टकरा गई।

दो चालक और 3 अन्य लोगों की गई जान

टक्कर के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और एक्सप्रेसवे की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। एंबुलेंस में फंसे लोगों को बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हैदरगढ़ पहुंचाया गया। जहां डॉक्टरों ने सभी 5 लोगों को मृत घोषित कर दिया। इस दर्दनाक हादसे में एंबुलेंस के दो चालकों समेत पांच लोगों की मौत हुई है। मृतकों में राजस्थान और पश्चिम बंगाल के निवासी शामिल हैं।

जयपुर से शव लेकर जा रही थी एंबुलेंस

हादसे में पहले एंबुलेंस में पहले से एक व्यक्ति का शव रखा हुआ था। परिवार के लोग शव को जयपुर से पश्चिम बंगाल स्थित अपने पैतृक गांव ले जा रहे थे। लेकिन रास्ते में ही यह सड़क हादसा हो गया। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक चालक को नींद की झपकी आने पर एंबुलेंस से नियंत्रण खो गया। लेकिन दुर्घटना के वास्तविक कारणों के बारे में जांच रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।

 


यह भी पढ़ें: Dev Deepawali 2026: देव दीपावली कब है? जानें सही तारीख, शुभ मुहूर्त और दीपदान की सही विधि