Bastar News: छत्तीसगढ़ का बस्तर, जो कभी नक्सलवाद के खौफ और हिंसा के लिए जाना जाता था, आज सुरक्षा बलों के जवानों के साथ दिवाली की खुशियां मना रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को बस्तर में जवानों के बीच दिवाली मनाई और नक्सलवाद के खिलाफ लड़ाई को लेकर बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि जंगलों से हथियारबंद नक्सलियों का सफाया हुआ है, लेकिन देश के सामने खतरा अभी पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है। पीएम ने आरोप लगाया कि 'दिमागी नक्सलियों' ने कई राजनीतिक दलों और संगठनों में घुसपैठ कर रखी है।

'दिमागी नक्सलियों' को पहचानकर हराना जरूरी
सुरक्षा बलों के जवानों को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि नक्सलवाद के खिलाफ लड़ाई में बड़ी सफलता मिली है, लेकिन अभी सतर्क रहने की जरूरत है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग संविधान और लोकतंत्र के खिलाफ लोगों को भड़काने का काम कर रहे हैं।

पीएम मोदी ने कहा कि हथियारबंद नक्सली जंगलों से खत्म हुए हैं, लेकिन 'दिमागी नक्सली' कई संगठनों और राजनीतिक दलों में घुसपैठ कर चुके हैं। ऐसे लोगों की पहचान करना, उन्हें परास्त करना और देश की सुरक्षा सुनिश्चित करना जरूरी है।

पिछली सरकारों पर भी साधा निशाना
प्रधानमंत्री ने नक्सल विरोधी अभियानों को लेकर पिछली सरकारों पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि पहले सुरक्षा बलों के जवानों के हाथ बांधकर रखे जाते थे। नक्सली हमले होते थे, लेकिन जवानों को खुलकर जवाब देने की आजादी नहीं थी।

पीएम मोदी ने दावा किया कि उनकी सरकार ने सुरक्षा बलों को जरूरी फैसले लेने की स्वतंत्रता दी और वामपंथी उग्रवाद को व्यवस्था के भीतर से मिलने वाले कथित समर्थन को रोकने के लिए भी कदम उठाए।

बस्तर में जवानों के साथ गूंजा भारत माता की जय का नारा
दिवाली के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करनपुर स्थित कोबरा ऑपरेशंस बेस पहुंचे। यह कैंप अबूझमाड़ और बस्तर के अंदरूनी इलाकों में अभियानों के लिए महत्वपूर्ण केंद्र रहा है। यहां उन्होंने शहीद CRPF जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके सर्वोच्च बलिदान को नमन किया।

इस दौरान जवानों के बीच उत्साह और जश्न का माहौल देखने को मिला। पारंपरिक जनजातीय गीतों पर सुरक्षा बलों के जवानों ने प्रधानमंत्री के साथ उत्सव में हिस्सा लिया। पूरा परिसर भारत माता की जय के नारों से गूंज उठा।

नक्सल प्रभावित इलाकों में बदलाव का किया जिक्र
प्रधानमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार ने माओवादी आतंकवाद की कमर तोड़ने के साथ नक्सल प्रभावित क्षेत्रों के लोगों के जीवन में बदलाव लाने का भी प्रयास किया है। उन्होंने कहा कि नक्सलवाद से प्रभावित रहे लोग अब सरकार और सुरक्षा बलों के साथ मजबूती से खड़े हैं।

बस्तर में जवानों के बीच दिवाली मनाते हुए पीएम मोदी ने उन सभी लोगों का आभार जताया, जिन्होंने नक्सलवाद के खिलाफ इस लड़ाई में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

और पढ़ें: राजनाथ सिंह ने सिक्किम में जवानों संग मनाई दिवाली, शहीदों को दी श्रद्धांजलि; बोले- देश हमेशा रहेगा उनके शौर्य का ऋणी