कांचीपुरम: तमिलनाडु में दीपावली का पर्व रविवार को धार्मिक उत्साह और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ मनाया गया। इस अवसर पर कांचीपुरम स्थित प्रसिद्ध कामाक्षी अम्मन मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना के बाद भव्य शोभायात्रा निकाली गई।
नगर की चार प्रमुख सड़कों से निकली गयी शोभायात्रा
कामाक्षी अम्मन मंदिर में विशेष अभिषेक और धार्मिक अनुष्ठानों के बाद देवी कामाक्षी अम्मन को माता लक्ष्मी और माता सरस्वती के साथ शोभायात्रा में विराजमान कर मंदिर के राजगोपुरम की ओर ले जाया गया। नगर की चार प्रमुख राजा सड़कों से निकली इस शोभायात्रा के दौरान पारंपरिक संगीत और भक्ति गीतों से वातावरण भक्तिमय हो गया।
बड़ी संख्या में श्रद्धालु मार्ग के दोनों ओर हुए एकत्र
देवी-देवताओं के दर्शन और आशीर्वाद लेने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु मार्ग के दोनों ओर एकत्र हुए। मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में दीपावली के अवसर पर विशेष उत्साह देखने को मिला।
इस बीच, तिरुचिरापल्ली जिले में भी दीपावली का उत्सव धूमधाम से मनाया गया। लोगों ने आतिशबाजी की और त्योहार की तैयारियों के लिए बाजारों में खरीदारी की। तिरुचिरापल्ली की एनएसबी रोड पर खरीदारों की भारी भीड़ देखी गई। बाजारों और व्यावसायिक क्षेत्रों में भी काफी चहल-पहल रही।
पटाखों की एक दुकान में आग लगने से सात घायल
हालांकि, तमिलनाडु के कुड्डालोर जिले के पनरुति तालुक में पटाखों की एक दुकान में आग लगने की घटना से त्योहार की खुशियों के बीच चिंता का माहौल बन गया। इस हादसे में कम से कम सात लोग घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही अग्निशमन एवं बचाव सेवा विभाग, पुलिस और राजस्व विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाया। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए पनरुति सरकारी अस्पताल ले जाया गया।
कुड्डालोर के जिला कलेक्टर सिबी आदित्य सेंथिलकुमार ने बताया कि सात घायलों में से दो की हालत गंभीर है। उनके शरीर का 80 प्रतिशत से अधिक हिस्सा झुलस गया है। दोनों को बेहतर इलाज के लिए चेन्नई के किलपॉक बर्न्स यूनिट में रेफर किया जा रहा है।
प्रशासन ने बताया कि आग लगने और विस्फोट के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।
यह भी पढ़ें: 'मोदी-शाह के नेतृत्व में BJP ने आडवाणी को 12 साल तक राजनीतिक वनवास में रखा': संजय राउत