मोतिहारी: पूर्वी चंपारण जिले के कुंडवाचैनपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध हथियार के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से एक देसी कट्टा, एक जिंदा कारतूस, मोटरसाइकिल, दो मोबाइल फोन और एक हजार रुपये नकद बरामद किए हैं।
गिरफ्तार युवकों की पहचान घोड़ासहन थाना क्षेत्र के गुर मियां मथवा टोला निवासी अवधेश कुमार (21) और राधेश्याम कुमार (23) के रूप में हुई है।
गुप्त सूचना पर पुलिस ने की घेराबंदी
पुलिस के अनुसार, शाम की गश्ती के दौरान सूचना मिली थी कि दो युवक मोटरसाइकिल से अवैध हथियार लेकर किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने के इरादे से जा रहे हैं। सूचना मिलने के बाद वरीय अधिकारियों को अवगत कराया गया। इसके बाद थानाध्यक्ष अमन कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने बसंत चौक के पास घेराबंदी की।
इसी दौरान मोटरसाइकिल से आ रहे दोनों युवकों की नजर पुलिस पर पड़ी तो उन्होंने भागने का प्रयास किया। हालांकि, पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को पकड़ लिया।
यह भी पढ़ें: 27 की सत्ता: सूरजपुर में 2027 की सियासी जंग! BJP की लहर या SP का जोर?
तलाशी में हथियार और कारतूस बरामद
पुलिस ने दोनों युवकों की तलाशी ली तो उनके पास से एक देसी कट्टा और एक जिंदा कारतूस मिला। इसके अलावा पुलिस ने एक मोटरसाइकिल, दो मोबाइल फोन और एक हजार रुपये नकद भी जब्त किए।
थानाध्यक्ष अमन कुमार ने बताया कि इस मामले में कुंडवाचैनपुर थाना कांड संख्या 364/26 दर्ज कर दोनों युवकों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस मामले की जांच और आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।
छापेमारी टीम में थानाध्यक्ष अमन कुमार, एसआई नवीन कुमार, एसआई सनी कुमार पाठक सहित सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।
यह भी पढ़ें: Nvidia के CEO बने जेन्सेन हुआंग! एक दिन में 34 अरब डॉलर बढ़ी दौलत, शेयरों में ऐतिहासिक उछाल