महुआ डाबर (बस्ती): 1857 की क्रांति के ऐतिहासिक गांव महुआ डाबर के संघर्ष और बलिदान को साहित्य के माध्यम से जीवंत करने वाले वरिष्ठ कथाकार डॉ. किरण सिंह के उपन्यास ‘महुआ डाबर’ की उपहार प्रति आखिरकार महुआ डाबर संग्रहालय पहुंच गई। लंबे समय से जिस पुस्तक का इंतजार किया जा रहा था, उसके संग्रहालय पहुंचने पर साहित्य प्रेमियों, इतिहास के अध्येताओं और गांव के ऐतिहासिक संघर्ष से जुड़े लोगों में खुशी का माहौल है।
1857 के बागी गांव महुआ डाबर को केंद्र में रख लिखा उपन्यास
आधार प्रकाशन से प्रकाशित 484 पृष्ठों का यह उपन्यास 1857 के उस बागी गांव महुआ डाबर को केंद्र में रखकर लिखा गया है, जिसने अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ विद्रोह में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। लेखिका ने इस कृति में केवल एक गांव का इतिहास नहीं लिखा है, बल्कि उस दौर के सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक परिवेश को भी विस्तार से सामने रखा है, जब देश के गांव-गांव में अंग्रेजी शासन के विरुद्ध प्रतिरोध की आवाज बुलंद हो रही थी।
इतिहास, लोकजीवन, स्मृतियों और मानवीय संघर्ष का संयोजन
उपन्यास में किसान, मजदूर, दस्तकार, महिलाएं और आम जनमानस के संघर्ष, उनकी आकांक्षाओं, स्वाभिमान और आजादी की भावना को साहित्यिक संवेदना के साथ प्रस्तुत किया गया है। इतिहास, लोकजीवन, स्मृतियों और मानवीय संघर्ष का ऐसा संयोजन इस कृति को विशेष बनाता है। लेखिका ने इतिहास को केवल तारीखों और घटनाओं तक सीमित नहीं रखा, बल्कि उसे आम लोगों के सपनों, पीड़ा, प्रेम, प्रतिरोध और आत्मसम्मान से जोड़कर देखा है।
उपन्यास की भाषा इसकी प्रमुख विशेषताओं में शामिल है। इसमें लोकजीवन की सहजता और मिट्टी की महक महसूस होती है। खेत-खलिहान, चौपाल, मेले, नदी-तट, आंगन और गांव की परंपराएं कथा के साथ इस तरह जुड़ती हैं कि पाठक उस दौर के सामाजिक परिवेश से स्वयं को जुड़ा हुआ महसूस करता है। गांव की महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों की स्मृतियों के साथ लोकगीत, लोककथाएं, रीति-रिवाज, तीज-त्योहार और खेती-किसानी से जुड़े प्रसंग भी उपन्यास को व्यापक आधार देते हैं।
उपन्यास में अवध की साझा तहजीब और किसान आंदोलनों का रेखांकन
महुआ डाबर के बहाने लेखिका ने अवध की साझा तहजीब, किसान आंदोलनों, बागी गांवों और लोकसंस्कृति को भी रेखांकित किया है। इस तरह महुआ डाबर केवल एक गांव की कहानी नहीं रह जाता, बल्कि अवध की ऐतिहासिक चेतना और सांस्कृतिक पहचान का प्रतीक बनकर सामने आता है।
डॉ. किरण सिंह के अनुसार, ‘महुआ डाबर’ हिंदी उपन्यास का पहला खंड है। इसके आगे भी अन्य खंड प्रकाशित होंगे, जिनमें कथा का विस्तार किया जाएगा। वर्षों के शोध, यात्राओं, लोक-स्मृतियों के संकलन और रचनात्मक परिश्रम से तैयार यह कृति एक गांव की विस्मृत होती ऐतिहासिक स्मृतियों को सहेजने का महत्वपूर्ण प्रयास है।
डाक विभाग की गड़बड़ी से वर्षों से परेशान है संग्रहालय
एक ओर महुआ डाबर के ऐतिहासिक महत्व को साहित्य के माध्यम से नई पहचान मिल रही है, वहीं दूसरी ओर इस गांव के संग्रहालय तक डाक पहुंचाने में डाक विभाग की गंभीर लापरवाही सामने आ रही है। आश्चर्यजनक स्थिति यह है कि सही पिन कोड और फोन नंबर लिखे होने के बावजूद महुआ डाबर संग्रहालय के नाम आने वाली डाक अपने वास्तविक पते पर पहुंचने के बजाय दूसरे स्थान पर चली जाती है।
बस्ती जिला मुख्यालय से लगभग 17 किलोमीटर दक्षिण में मनोरमा नदी के तट पर स्थित वास्तविक महुआ डाबर पहुंचने के बजाय डाक करीब 50 किलोमीटर पश्चिम में स्थित बभनान, गौर के दूसरे महुआ डाबर में पहुंच जाती है। यह समस्या एक-दो बार की नहीं, बल्कि वर्षों से बनी हुई है। संग्रहालय के लिए आने वाली चिट्ठियों, पुस्तकों और रजिस्टर्ड डाक को पहले गलत स्थान की यात्रा करनी पड़ती है और फिर वहां से वापस सही पते पर भेजा जाता है।
महुआ डाबर के ऐतिहासिक संघर्ष को आधार बनाकर लिखी गई पुस्तक
डॉ. किरण सिंह के उपन्यास ‘महुआ डाबर’ के साथ भी ऐसा ही हुआ। क्रांति-तीर्थ महुआ डाबर के ऐतिहासिक संघर्ष को आधार बनाकर लिखी गई पुस्तक को संग्रहालय पहुंचना था, लेकिन वह भी पहले बभनान पहुंच गई। काफी परेशानी के बाद पुस्तक संग्रहालय तक पहुंच सकी।
समस्या की गंभीरता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि जिलाधिकारी कार्यालय से महज 17 किलोमीटर दूर स्थित क्रांति-तीर्थ महुआ डाबर के लिए भेजे जाने वाले रजिस्टर्ड पत्र भी पहले बभनान पहुंचते हैं। इसके बाद वापस आने में एक महीने से अधिक समय लग जाता है। डाक विभाग के पास इस गड़बड़ी का लिखित रिकॉर्ड भी मौजूद है, इसके बावजूद अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका है।
डाक विभाग से समस्या को तत्काल दूर करने की मांग
महुआ डाबर संग्रहालय के महानिदेशक एवं क्रांतिकारी शहीदों के वंशज डॉ. शाह आलम राना ने डाक विभाग से इस समस्या को तत्काल दूर करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि संग्रहालय के सही पते और पिन कोड के बावजूद डाक का दूसरे स्थान पर पहुंचना गंभीर प्रशासनिक लापरवाही है। इसे तत्काल ठीक किया जाना चाहिए, ताकि क्रांति-तीर्थ महुआ डाबर के नाम आने वाली डाक समय से अपने वास्तविक पते पर पहुंच सके।
उन्होंने कहा कि जिस गांव ने 1857 में देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर किया, उस गांव की डाक का वर्षों तक भटकते रहना दुर्भाग्यपूर्ण है। यह केवल डाक व्यवस्था की समस्या नहीं, बल्कि ऐतिहासिक विरासत और शहीदों की स्मृतियों के प्रति संवेदनशीलता का भी सवाल है।
यह भी पढ़ें: BJP-SAD गठबंधन को गौरव भाटिया ने बताया ऐतिहासिक, कहा- पंजाब को नशा-मुक्त बनाने की दिशा में अहम