Panjab Election 2027: पंजाब की राजनीति में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी और शिरोमणि अकाली दल (SAD) के फिर से साथ आने पर पीएम नरेंद्र मोदी ने खुशी जताई है। उन्होंने अकाली दल की NDA में वापसी का स्वागत करते हुए इसे स्वाभाविक गठबंधन बताया। पीएम मोदी ने कहा कि यह साझेदारी पंजाब और पंजाबियों के कल्याण को प्राथमिकता देगी। साथ ही राज्य को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए काम करेगी।
प्रधानमंत्री ने मंगलवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर कहा कि श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के अवसर पर अकाली दल का NDA परिवार में लौटना बेहद खुशी की बात है। उन्होंने लिखा, ''पंजाब और पंजाबियों का कल्याण सबसे पहले! मुझे बेहद खुशी है कि शिरोमणि अकाली दल NDA परिवार में वापस आ रहा है और वह भी श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के अवसर पर।''
अटल-आडवाणी और प्रकाश सिंह बादल के दौर को किया याद
पीएम मोदी ने बीजेपी और अकाली दल के पुराने रिश्तों का जिक्र करते हुए कहा कि यह गठबंधन पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी, वरिष्ठ बीजेपी नेता लालकृष्ण आडवाणी और पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री सरदार प्रकाश सिंह बादल ने मिलकर मजबूत किया था।
उन्होंने कहा कि दोनों दलों का गठबंधन समय की कसौटी पर खरा उतरा है। मोदी ने भरोसा जताया कि बीजेपी और अकाली दल की यह साझेदारी पंजाब की जनता की पसंद बनेगी और राज्य में जनहितकारी शासन सुनिश्चित करेगी।
अमित शाह ने किया था गठबंधन का ऐलान
इससे पहले मंगलवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन और अकाली दल अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने दिल्ली स्थित बीजेपी मुख्यालय में मुलाकात की। इसके बाद दोनों दलों ने 2027 पंजाब विधानसभा चुनाव साथ लड़ने और अकाली दल की NDA में वापसी का औपचारिक ऐलान किया।
अमित शाह ने कहा कि बीजेपी और अकाली दल मिलकर पंजाब विधानसभा चुनाव लड़ेंगे। उन्होंने इसे गुरु पर्व के मौके पर पुराने सहयोगी की NDA में वापसी का खास अवसर बताया। शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी से NDA के विस्तार को लेकर बातचीत के दौरान उन्होंने सुखबीर बादल को फोन कर कहा था कि अकाली दल के आने से NDA अब पूरा हो गया है।
2029 तक पंजाब से नशा खत्म करने का दावा
अमित शाह ने पंजाब के सामने नशे और भ्रष्टाचार को सबसे बड़ी चुनौतियों में शामिल करते हुए कहा कि NDA की प्राथमिकता इन समस्याओं को खत्म करना होगी। उन्होंने दावा किया कि दिसंबर 2029 तक पंजाब से नशे की समस्या का पूरी तरह सफाया कर दिया जाएगा।
शाह ने आम आदमी पार्टी और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि दोनों दलों ने भी पंजाब से नशा खत्म करने का वादा किया था, लेकिन वे ऐसा करने में नाकाम रहे। उन्होंने कहा कि गठबंधन पंजाब के विकास के लिए एक रोडमैप तैयार कर चुका है।
गृह मंत्री ने AAP सरकार पर जनता से किए वादे पूरे नहीं करने का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि पंजाब के लोग अब ऐसी सरकार को हटाने का मन बना चुके हैं, जिसने सिख गुरुओं का अपमान किया है।
2020 में टूटा था BJP-SAD का गठबंधन
बीजेपी और अकाली दल पंजाब की राजनीति में लंबे समय तक सहयोगी रहे हैं। हालांकि, सितंबर 2020 में केंद्र सरकार के तीन कृषि कानूनों को लेकर दोनों दलों के बीच मतभेद बढ़ गए थे। इसके बाद अकाली दल ने NDA से नाता तोड़ लिया था। बाद में केंद्र सरकार ने तीनों कृषि कानून वापस ले लिए, लेकिन 2022 का विधानसभा चुनाव दोनों दलों ने अलग-अलग लड़ा।
2022 में AAP ने दर्ज की थी ऐतिहासिक जीत
पंजाब विधानसभा चुनावों में बीजेपी और अकाली दल का प्रदर्शन पिछले कुछ वर्षों में लगातार कमजोर हुआ है। 2007 और 2012 में दोनों दलों ने गठबंधन के तहत अच्छा प्रदर्शन किया था।
2007: अकाली दल ने 48 और बीजेपी ने 19 सीटें जीती थीं। गठबंधन को कुल 67 सीटें मिली थीं।
2012: अकाली दल को 56 और बीजेपी को 12 सीटें मिलीं। गठबंधन का कुल आंकड़ा 68 रहा।
2017: अकाली दल 15 और बीजेपी केवल 3 सीटों पर सिमट गई। कांग्रेस ने 77 सीटें जीतीं।
2022: अकाली दल को 3 और बीजेपी को 2 सीटें मिलीं, जबकि आम आदमी पार्टी ने 92 सीटों के साथ सरकार बनाई।
अब 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले दोनों पुराने सहयोगियों ने एक बार फिर हाथ मिला लिया है। ऐसे में मुकाबला दिलचस्प होने की उम्मीद है। बीजेपी और अकाली दल को उम्मीद है कि उनका पुराना राजनीतिक समीकरण पंजाब में सत्ता परिवर्तन का रास्ता तैयार करेगा। हालांकि, इस गठबंधन को AAP और कांग्रेस की चुनौती से पार पाना होगा।
और पढ़ें: BJP-SAD गठबंधन को गौरव भाटिया ने बताया ऐतिहासिक, कहा- पंजाब को नशा-मुक्त बनाने की दिशा में अहम