लखनऊ: पंजाब में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर बीजेपी और शिरोमणि अकाली दल के बीच गठबंधन का ऐलान होते ही यूपी की सियासत में भी बयानबाजी तेज हो गई है।  सपा के मुखिया अखिलेश यादव ने इस गठबंधन को लेकर बीजेपी पर निशाना साधा है। 

बता दें कि अखिलेश यादव ने सवाल उठाया कि जब केंद्र में 10-12 साल रहने के बाद भी बीजेपी अपने दम पर चुनाव लड़ने में सक्षम नहीं है, तो यूपी में उसे कितनी बैसाखियों की जरूरत पड़ेगी?

मंगलवार को लखनऊ में पत्रकारों से बातचीत के दौरान अखिलेश यादव ने तंज कसते हुए कहा कि बीजेपी अपनी नीतियों के दम पर इतनी मजबूत नहीं हो पाई है कि अकेले चुनाव लड़ सके। उसे अब भी दूसरे दलों के सहारे की जरूरत पड़ती है।

दाएं-बाएं, आगे-पीछे कितनी बैसाखियां चाहिए? 

अखिलेश यादव ने कहा, "10-12 साल बाद भी बीजेपी अपनी नीतियों के दम पर इतनी मजबूत नहीं हो पाई कि अकेले चुनाव लड़ सके। उसे आज भी दूसरों के समर्थन की जरूरत है। उत्तर प्रदेश में उसे कितनी बैसाखियों की जरूरत पड़ेगी? एक दाएं से पकड़ने वाला, एक बाएं से, कोई पीछे से संभालने वाला और कोई आगे से सहारा देने वाला। बताइए, उनके कितने गठबंधन हैं?"

अखिलेश का यह बयान ऐसे समय आया है, जब बीजेपी ने पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 के लिए शिरोमणि अकाली दल के साथ फिर से हाथ मिलाने का फैसला किया है। राजनीतिक गलियारों में इसे विपक्षी दलों के खिलाफ एनडीए को मजबूत करने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है।

अमित शाह और सुखबीर बादल ने किया गठबंधन का ऐलान

दरअसल, मंगलवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन और शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने दिल्ली में मुलाकात की। बीजेपी मुख्यालय में हुई बैठक के बाद दोनों दलों ने पंजाब विधानसभा चुनाव साथ लड़ने और अकाली दल के एनडीए में लौटने का औपचारिक ऐलान किया।

अमित शाह ने कहा कि बीजेपी और अकाली दल ने पंजाब विधानसभा चुनाव मिलकर लड़ने का फैसला किया है। उन्होंने कहा कि गुरु पर्व के अवसर पर अकाली दल जैसे पुराने सहयोगी का एनडीए में वापस आना खुशी की बात है। शाह ने आम आदमी पार्टी की सरकार और कांग्रेस को चुनौती देने के लिए दोनों दलों की एकजुटता पर भी जोर दिया।

2020 में कृषि कानूनों के मुद्दे पर टूटा था गठबंधन

बीजेपी और अकाली दल का गठबंधन भारतीय राजनीति के पुराने गठबंधनों में गिना जाता रहा है। हालांकि, केंद्र सरकार के तीन कृषि कानूनों को लेकर दोनों दलों के बीच मतभेद बढ़ गए थे। साल 2020 में अकाली दल ने इन कानूनों के विरोध में एनडीए से नाता तोड़ लिया था। बाद में केंद्र सरकार ने तीनों कृषि कानून वापस ले लिए, लेकिन 2022 का पंजाब विधानसभा चुनाव दोनों दलों ने अलग-अलग लड़ा।

2007 और 2012 में मजबूत रहा था बीजेपी-अकाली दल गठबंधन

पंजाब में बीजेपी और अकाली दल का गठबंधन पहले काफी सफल रहा था। 2007 के विधानसभा चुनाव में अकाली दल ने 48 और बीजेपी ने 19 सीटें जीती थीं। दोनों ने मिलकर कुल 67 सीटों पर जीत दर्ज की थी।

2012 के चुनाव में गठबंधन का प्रदर्शन और बेहतर रहा। अकाली दल को 56 और बीजेपी को 12 सीटें मिलीं। इस तरह दोनों दलों ने कुल 68 सीटें जीतकर सरकार बनाई।

हालांकि, इसके बाद दोनों पार्टियों का जनाधार कमजोर होता गया। 2017 के चुनाव में अकाली दल 15 और बीजेपी सिर्फ 3 सीटों पर सिमट गई। वहीं, कांग्रेस ने 77 सीटें जीतकर सरकार बनाई थी।

2022 के विधानसभा चुनाव में अकाली दल को महज 3 और बीजेपी को 2 सीटें मिलीं। दूसरी ओर आम आदमी पार्टी ने 92 सीटों के साथ शानदार जीत दर्ज की थी।

पीएम मोदी ने बताया स्वाभाविक गठबंधन

बीजेपी और अकाली दल के फिर से साथ आने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी खुशी जताई। उन्होंने इस गठबंधन को स्वाभाविक साझेदारी बताते हुए कहा कि दोनों दल पंजाब और वहां के लोगों के कल्याण को प्राथमिकता देंगे।

अब पंजाब में बीजेपी-अकाली दल के नए गठबंधन के बीच अखिलेश यादव के इस बयान ने उत्तर प्रदेश की राजनीति में भी सियासी हलचल बढ़ा दी है। यूपी में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले गठबंधन और राजनीतिक ताकत को लेकर बयानबाजी तेज होने के संकेत मिल रहे हैं। 

और पढ़ें: SP-कांग्रेस अलायंस में सीट शेयरिंग पर इमरान मसूद का बयान, बोले- 'गठबंधन में कुछ मांगने की जरूरत नहीं'