Maharashtra Hingoli Fire: महाराष्ट्र के हिंगोली जिले में सोमवार रात पटाखों के एक गोदाम में अचानक भीषण आग लग गई। आग लगने के बाद गोदाम में रखे पटाखों में लगातार धमाके होने लगे। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि सात लोग घायल बताए जा रहे हैं।

घटना रात करीब 8 बजे हिंगोली शहर के पुराने और घनी आबादी वाले इलाके मारवाड़ी गली में हुई। बताया गया है कि गोदाम गोपाल बस्तवार का था। आग इतनी तेजी से फैली कि आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

पटाखों में धमाके, दमकल की गाड़ी भी चपेट में आई

गोदाम में रखे पटाखों के कारण आग के बीच-बीच में तेज धमाके होते रहे। इससे आसपास रहने वाले लोगों में दहशत फैल गई। आग बुझाने के लिए मौके पर पहुंची नगर निकाय की दमकल गाड़ी भी इसकी चपेट में आ गई और जलकर क्षतिग्रस्त हो गई। आग की लपटों से आसपास के कुछ मकानों को भी नुकसान पहुंचा है। इसके अलावा गली में खड़े कई दोपहिया वाहन भी आग की चपेट में आने से क्षतिग्रस्त हो गए।

दो लोगों की मौत, शवों की पहचान मुश्किल

अधिकारी के मुताबिक, इस हादसे में दो लोगों की जान चली गई है। आग में शव बुरी तरह झुलस गए हैं, जिसके चलते अभी तक मृतकों की पहचान नहीं हो पाई है। वहीं, सात अन्य लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजे जाने की बात कही गई है।

संकरी गलियों के कारण राहत कार्य में परेशानी

जिस इलाके में यह हादसा हुआ, वह हिंगोली शहर के पुराने हिस्से में आता है। यहां गलियां काफी संकरी हैं। ऐसे में दमकल की गाड़ियों और राहत दलों को घटनास्थल तक पहुंचने और आग बुझाने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। मौके पर बड़ी संख्या में लोग भी जमा हो गए, जिससे राहत और बचाव कार्य प्रभावित हुआ। प्रशासन ने इलाके की बिजली आपूर्ति भी बंद कर दी है। फिलहाल आग पर पूरी तरह काबू पाने की कोशिश जारी है। अधिकारी के मुताबिक, आग लगने की असली वजह का पता राहत और दमकल का काम पूरा होने के बाद लगाया जाएगा।