Lucknow News: राजधानी लखनऊ में ट्रैफिक जाम से जूझने वाले लोगों के लिए राहत भरी खबर है। आने वाले समय में पॉलीटेक्निक चौराहे से आईआईएम तक का सफर पहले के मुकाबले काफी आसान और तेज होने वाला है। करीब 11 किलोमीटर लंबे इस रूट पर पहले से छह फ्लाईओवर चालू हैं, जबकि सातवां फ्लाईओवर इंजीनियरिंग कॉलेज चौराहे पर बनाया जा रहा है। इसके तैयार होने के बाद यह दूरी महज 15 मिनट में तय की जा सकेगी।
लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) की एनएच शाखा की ओर से फ्लाईओवर का निर्माण तेजी से कराया जा रहा है। करीब 960 मीटर लंबे इस फ्लाईओवर के निर्माण पर 108 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। विभाग का लक्ष्य जून 2028 तक इसे आम लोगों के लिए शुरू करने का है। हालांकि, क्षेत्रीय विधायक डॉ. नीरज बोरा ने इसे दिसंबर 2027 तक पूरा करने के निर्देश दिए हैं।
पहले डेढ़ से दो घंटे लगते थे, अब 15 मिनट में पूरा होगा सफर
कुछ साल पहले पॉलीटेक्निक से आईआईएम तक की 11 किलोमीटर की दूरी तय करना किसी चुनौती से कम नहीं था। ट्रैफिक जाम के चलते लोगों को डेढ़ से दो घंटे तक सड़क पर बिताने पड़ते थे। भारी वाहनों की आवाजाही के कारण रात के समय भी ट्रकों की लंबी कतारें लग जाती थीं। हालांकि, आउटर रिंग रोड बनने के बाद भारी वाहनों का दबाव काफी कम हुआ है। अब इस रूट पर फ्लाईओवर की संख्या बढ़ने से यातायात और सुगम होने की उम्मीद है।
इंजीनियरिंग कॉलेज चौराहे पर शुरू हुआ निर्माण कार्य
इंजीनियरिंग कॉलेज चौराहे पर बन रहे फ्लाईओवर के लिए सर्विस रोड तैयार करने का काम शुरू कर दिया गया है। इसके साथ ही पाइलिंग का काम भी शुरू हो चुका है। कार्यदायी संस्था ने निर्माण की गति बढ़ा दी है। अधिकारियों के मुताबिक, निर्माण कार्य की नियमित निगरानी की जा रही है, ताकि तय समयसीमा में परियोजना पूरी हो सके।
विधायक डॉ. नीरज बोरा के मुताबिक, फ्लाईओवर निर्माण की समय-समय पर समीक्षा की जा रही है। लोगों को निर्माण के दौरान आवागमन में परेशानी न हो, इसलिए पहले सर्विस रोड बनाने पर जोर दिया गया है। उन्होंने दिसंबर 2027 तक काम पूरा करने के निर्देश दिए हैं।
इन सात फ्लाईओवर से आसान होगा सफर
पॉलीटेक्निक से आईआईएम तक के करीब 11 किलोमीटर के दायरे में सात फ्लाईओवर होंगे। इनमें छह पहले से चालू हैं, जबकि इंजीनियरिंग कॉलेज चौराहे पर सातवें का निर्माण जारी है।
पॉलीटेक्निक फ्लाईओवर
मुंशीपुलिया फ्लाईओवर
खुर्रमनगर फ्लाईओवर
टेढ़ी पुलिया फ्लाईओवर
मड़ियांव फ्लाईओवर
आईआईएम फ्लाईओवर
इंजीनियरिंग कॉलेज फ्लाईओवर (निर्माणाधीन)
पांच लाख आबादी को मिलेगी जाम से राहत
इंजीनियरिंग कॉलेज चौराहे पर फ्लाईओवर बनने से विकास नगर, खुर्रमनगर, गुडंबा, जानकीपुरम और जानकीपुरम विस्तार के लोगों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। इन इलाकों में रहने वाली करीब पांच लाख की आबादी को इसका सीधा फायदा मिल सकता है। खासकर सर्विस लेन पर लगने वाले जाम से लोगों को काफी हद तक छुटकारा मिलेगा। इसके अलावा अयोध्या रोड से सीतापुर रोड के बीच वाहनों की आवाजाही भी पहले से बेहतर होगी।
बिजली और पानी की लाइनों को शिफ्ट करना बाकी
पीडब्ल्यूडी की एनएच शाखा की ओर से परियोजना से जुड़ी जरूरी औपचारिकताएं पूरी कर ली गई हैं। हालांकि, बिजली विभाग और जलकल की पाइपलाइनों को शिफ्ट करने का काम अभी पूरी तरह नहीं हुआ है। संबंधित विभागों को इस संबंध में निर्देश दिए गए हैं।
एनएच शाखा, पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता राज कुमार पिथौरिया के मुताबिक, इंजीनियरिंग कॉलेज चौराहे पर सर्विस रोड बनाने का काम शुरू हो चुका है। विभाग का पूरा प्रयास है कि फ्लाईओवर का निर्माण निर्धारित समय पर पूरा हो। इसके लिए नियमित निगरानी की जा रही है और फिलहाल परियोजना में किसी बड़ी बाधा की जानकारी नहीं है।
और पढ़ें: मोतिहारी: बसंत चौक पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, देसी कट्टा और जिंदा कारतूस के साथ दो युवक गिरफ्तार