मुंबई: महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने गुरुवार को बताया कि महाराष्ट्र सरकार ने 8.57 लाख करोड़ रुपये के 67 समझौता ज्ञापनों (MoUs) पर हस्ताक्षर किए हैं। इन समझौतों से सेमीकंडक्टर, डेटा सेंटर, रिन्यूएबल एनर्जी, एडवांस्ड मैन्युफैक्चरिंग, एयरोस्पेस और डिफेंस, हेल्थकेयर एवं एग्रो-प्रोसेसिंग जैसे सेक्टर शामिल हैं। जिनमें करीब 2.91 लाख नौकरियां प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से मिलने की संभावना जताई जा रही है।
प्रस्ताव का लक्ष्य इंडस्ट्रियल इकोसिस्टम को मजबूत करना
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस का कहना है कि यह प्रस्तावित निवेश कई सेक्टर में फैले हैं और इनका मकसद महाराष्ट्र के इंडस्ट्रियल इकोसिस्टम को मजबूत करना और रोजगार के मौके पैदा करना है। इस प्रस्ताव को लेकर मुंबई में आयोजित ‘इन्वेस्ट महाराष्ट्र’ पहल के तहत सरकार ने राज्य को निवेश एवं उद्योग के प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित करने का लक्ष्य रखा है। मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा कि इन निवेश प्रस्तावों से महाराष्ट्र की औद्योगिक क्षमता को नई गति मिलेगी और विभिन्न क्षेत्रों में आर्थिक गतिविधियां बढ़ेंगी।
महाराष्ट्र सरकार ने निवेशकों को भरोसा दिलाया
महाराष्ट्र सरकार के अनुसार, प्रस्तावित निवेश सेमीकंडक्टर, डेटा सेंटर, नवीकरणीय ऊर्जा, उन्नत विनिर्माण, एयरोस्पेस एवं रक्षा, स्वास्थ्य सेवा और एग्रो-प्रोसेसिंग जैसे क्षेत्रों में किया जाएगा। इन परियोजनाओं से उद्योगों का विस्तार होने के साथ-साथ कौशल विकास एवं रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने निवेशकों को भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार उद्योगों के लिए अनुकूल वातावरण, बेहतर बुनियादी ढांचा और त्वरित प्रशासनिक सहयोग उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।