नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में 2 अक्टूबर यानी गांधी जयंती के दिन मेट्रो यात्रियों के लिए बड़ा अपडेट सामने आया है। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) ने 11 मेट्रो स्टेशनों पर एंट्री और एग्जिट अस्थायी तौर पर बंद कर दी है। हालांकि, इन स्टेशनों से गुजरने वाली मेट्रो सेवा पूरी तरह बंद नहीं की गई है और कुछ प्रमुख स्टेशनों पर इंटरचेंज की सुविधा जारी है। 

इन 11 मेट्रो स्टेशनों पर एंट्री-एग्जिट बंद

DMRC के अपडेट के मुताबिक, जनपथ, पटेल चौक, केंद्रीय सचिवालय, राजीव चौक, सेवा तीर्थ, मंडी हाउस, लोक कल्याण मार्ग, INA, चावड़ी बाजार, रामकृष्ण आश्रम मार्ग और नई दिल्ली मेट्रो स्टेशन पर यात्रियों की एंट्री और एग्जिट बंद रखी गई है। यह व्यवस्था अगली सूचना तक लागू रहेगी। (India Today)

हालांकि, राजीव चौक, केंद्रीय सचिवालय, मंडी हाउस, INA और नई दिल्ली स्टेशनों पर इंटरचेंज की सुविधा जारी रहेगी। यानी यात्री इन स्टेशनों पर लाइन बदल सकते हैं, लेकिन स्टेशन से बाहर निकलने या प्रवेश करने की सुविधा प्रभावित रहेगी। 

क्यों बंद किए गए स्टेशन?

दरअसल, शुक्रवार को जंतर-मंतर पर मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रस्तावित प्रदर्शन को लेकर दिल्ली में सुरक्षा बढ़ाई गई है। प्रदर्शन के लिए दिल्ली पुलिस की अनुमति नहीं दी गई है। इसके बावजूद बड़ी संख्या में लोगों के जुटने की आशंका को देखते हुए जंतर-मंतर और आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है। 

प्रदर्शन से पहले जंतर-मंतर की ओर जाने वाले रास्तों पर बैरिकेडिंग की गई है और सुरक्षा बलों की तैनाती बढ़ाई गई है। पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने और केंद्रीय दिल्ली में किसी तरह की अव्यवस्था से बचने के लिए कई स्तर पर सुरक्षा इंतजाम किए हैं। 

यात्रियों को क्या करना चाहिए?

दिल्ली मेट्रो से सफर करने वाले यात्रियों को आज नई दिल्ली और केंद्रीय दिल्ली के इलाकों में जाने से पहले अपने रूट की जानकारी जरूर लेनी चाहिए। खासतौर पर जंतर-मंतर, कनॉट प्लेस, पटेल चौक और आसपास के इलाकों की यात्रा करने वालों को अतिरिक्त समय लेकर निकलने और जरूरत पड़ने पर वैकल्पिक रूट अपनाने की सलाह दी गई है।

गौर करने वाली बात यह है कि दिल्ली मेट्रो पूरी तरह बंद नहीं हुई है। सिर्फ चिन्हित 11 स्टेशनों पर एंट्री और एग्जिट बंद किया गया है। बाकी नेटवर्क पर मेट्रो सेवाएं जारी हैं। सुरक्षा स्थिति के अनुसार स्टेशनों पर लगाए गए प्रतिबंधों में आगे बदलाव किया जा सकता है। 

यह भी पढ़ें: Gandhi Jayanti 2026: PM मोदी ने राजघाट पर महात्मा गांधी और विजय घाट पर लाल बहादुर शास्त्री को दी श्रद्धांजलि, कई नेताओं ने किया नमन