नई दिल्ली: देश में आज 2 अक्टूबर को महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती मनाई जा रही है। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नई दिल्ली के राजघाट पहुंचकर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि दी। इसके बाद उन्होंने विजय घाट पहुंचकर पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री को भी नमन किया। दोनों नेताओं की जयंती के अवसर पर देशभर में कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

राजघाट पर महात्मा गांधी को दी श्रद्धांजलि

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राजघाट पहुंचकर महात्मा गांधी की समाधि पर पुष्प अर्पित किए। इस दौरान उन्होंने गांधी जयंती के मौके पर आयोजित सर्वधर्म प्रार्थना सभा में भी हिस्सा लिया। इस वर्ष महात्मा गांधी की 157वीं जयंती मनाई जा रही है। महात्मा गांधी का जन्म 2 अक्टूबर 1869 को गुजरात के पोरबंदर में हुआ था। उन्होंने भारत के स्वतंत्रता आंदोलन में सत्य और अहिंसा को आंदोलन का प्रमुख आधार बनाया।

गांधी जयंती के मौके पर देशभर में उनके विचारों और योगदान को याद किया जाता है। राजघाट पर आयोजित कार्यक्रम में भी बड़ी संख्या में गणमान्य लोगों ने महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि दी।

विजय घाट पर लाल बहादुर शास्त्री को किया नमन

महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि देने के बाद प्रधानमंत्री मोदी विजय घाट पहुंचे और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की समाधि पर पुष्प अर्पित किए। आज शास्त्री जी की 122वीं जयंती है। उनका जन्म 2 अक्टूबर 1904 को उत्तर प्रदेश के मुगलसराय में हुआ था, जिसे अब पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर के नाम से जाना जाता है। उन्होंने स्वतंत्रता आंदोलन में हिस्सा लिया और आजादी के बाद देश के प्रधानमंत्री पद की जिम्मेदारी संभाली।

लाल बहादुर शास्त्री को उनकी सादगी, स्पष्ट नेतृत्व और ‘जय जवान, जय किसान’ के नारे के लिए भी याद किया जाता है। 1965 के भारत-पाकिस्तान युद्ध के दौरान उनके नेतृत्व का भी भारतीय इतिहास में विशेष उल्लेख मिलता है।

रेखा गुप्ता समेत कई नेताओं ने किया नमन

दोनों महापुरुषों की जयंती पर कई वरिष्ठ नेताओं और जनप्रतिनिधियों ने भी श्रद्धांजलि अर्पित की।

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दी श्रद्धांजलि। 

दिल्ली के उपराज्यपाल तरणजीत सिंह संधू ने भी दी श्रद्धांजलि। 

 

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने राजघाट पहुंचकर महात्मा गांधी को किया नमन और सर्वधर्म प्रार्थना सभा में हिस्सा लिया।

इसके अलावा केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल, उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन समेत अन्य नेताओं ने भी महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री को श्रद्धांजलि दी। उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन ने भी दोनों नेताओं के योगदान और उनके विचारों को याद किया।

वही राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने भी राजस्थान में महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि दी।