Patna News: बिहार की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत को वैश्विक पहचान मिली है। राजधानी पटना के बेली रोड स्थित बिहार म्यूजियम को दुनिया के 100 सर्वश्रेष्ठ संग्रहालयों की 2026 की सूची में नौवां स्थान मिला है। जर्मनी की ट्रैवल गाइड 'वर्थ अ जर्नी' की ओर से जारी इस सूची में बिहार म्यूजियम को एशिया का शीर्ष संग्रहालय बताया गया है। यह उपलब्धि बिहार के लिए गौरव का विषय है।
इस रैंकिंग में बिहार म्यूजियम ने न्यूयॉर्क के प्रसिद्ध मेट्रोपॉलिटन म्यूजियम ऑफ आर्ट और पेरिस के लूव्र म्यूजियम को भी पीछे छोड़ दिया है। मेट्रोपॉलिटन म्यूजियम ऑफ आर्ट को 10वां, जबकि लूव्र म्यूजियम को 31वां स्थान मिला है।
500 करोड़ रुपये की लागत से बना है बिहार म्यूजियम
बिहार म्यूजियम का उद्घाटन वर्ष 2015 में तत्कालीन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने किया था। करीब 13 एकड़ में फैले इस संग्रहालय के निर्माण पर लगभग 500 करोड़ रुपये खर्च किए गए थे। इसे नीतीश कुमार का ड्रीम प्रोजेक्ट माना जाता है। पटना हाई कोर्ट के पास बेली रोड पर स्थित यह संग्रहालय अपनी आधुनिक वास्तुकला और ऐतिहासिक संग्रह के लिए खास पहचान रखता है।
प्राचीन इतिहास और आधुनिक वास्तुकला का अनूठा संगम
बिहार म्यूजियम में राज्य के प्राचीन इतिहास, कला और संस्कृति को बेहद खूबसूरती से प्रदर्शित किया गया है। यहां प्राचीन मूर्तियों, पत्थर के अवशेषों और ऐतिहासिक कलाकृतियों का बड़ा संग्रह मौजूद है। संग्रहालय की खास आकर्षणों में दीदारगंज की प्रसिद्ध यक्षी प्रतिमा भी शामिल है, जो मौर्यकालीन कला का उत्कृष्ट उदाहरण मानी जाती है।
यहां भगवान बुद्ध की विभिन्न मुद्राओं वाली प्रतिमाओं के साथ बौद्ध और जैन धर्म से जुड़ी कलाकृतियां भी देखने को मिलती हैं। सिंधु और मौर्य काल की विरासत से लेकर बिहार की सांस्कृतिक परंपराओं तक, संग्रहालय में इतिहास के कई महत्वपूर्ण पड़ावों को सहेजा गया है।
आर्ट गैलरी से लेकर 'पॉटबेली' रेस्तरां तक है खास
संग्रहालय में आर्ट गैलरी और ऐतिहासिक कला दीर्घाएं बनाई गई हैं। यहां करीब चार लाख साल पुराने पत्थर के अवशेषों और प्राचीन कलाकृतियों को संरक्षित किया गया है। इसके परिसर में 'पॉटबेली' नाम का रेस्तरां भी है। संग्रहालय की वास्तुकला, कला और इतिहास का मेल इसे पर्यटकों के लिए खास आकर्षण बनाता है।
स्वास्थ्य मंत्री निशांत ने जताई खुशी, लोगों से की म्यूजियम देखने की अपील
बिहार म्यूजियम को दुनिया में नौवां और एशिया में पहला स्थान मिलने पर स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने खुशी जताई। उन्होंने इस उपलब्धि के लिए जर्मनी की ट्रैवल गाइड 'वर्थ अ जर्नी' का आभार व्यक्त किया। उन्होंने इसे अपने पिता की दूरदर्शी सोच का प्रमाण बताते हुए बिहार के लोगों से अपील की कि वे एक बार इस संग्रहालय का जरूर भ्रमण करें।
दुनिया के टॉप-10 संग्रहालयों में बिहार म्यूजियम
'वर्थ अ जर्नी' की 2026 की सूची में शामिल शीर्ष 10 संग्रहालयों में बिहार म्यूजियम के अलावा मेक्सिको, स्पेन, डेनमार्क, रूस, ऑस्ट्रिया, तुर्किये, पोलैंड और अमेरिका के प्रतिष्ठित संग्रहालय शामिल हैं। इस सूची में बिहार म्यूजियम का नौवां स्थान हासिल करना राज्य की ऐतिहासिक विरासत और सांस्कृतिक पहचान के लिए बड़ी उपलब्धि है।