नवंबर की शुरुआत के साथ ही देश के मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। दक्षिण भारत के कई राज्यों में बारिश का दौर जारी है, जबकि उत्तर और मध्य भारत के ज्यादातर हिस्सों में मौसम फिलहाल साफ और शुष्क बना हुआ है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 7 नवंबर को तमिलनाडु, केरल, पुडुचेरी समेत कई राज्यों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। कुछ जगहों पर भारी बारिश के साथ बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की भी आशंका है।
मौसम विभाग के अनुसार, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 6 से 10 नवंबर तक भारी बारिश हो सकती है। वहीं, केरल और माहे में 6 से 8 नवंबर के बीच तेज बारिश का अनुमान है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। कुछ जगहों पर हवा के झोंके 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकते हैं।
दिल्ली-UP समेत उत्तर भारत में कैसा रहेगा मौसम?
राजधानी दिल्ली में 7 नवंबर को मौसम साफ और शुष्क रहने का अनुमान है। IMD ने आज बारिश या आंधी को लेकर कोई अलर्ट जारी नहीं किया है। अगले कुछ दिनों तक भी दिल्ली में बारिश की संभावना कम है। उत्तर प्रदेश में भी आज मौसम सामान्य रहेगा। प्रदेश के किसी भी हिस्से में भारी बारिश को लेकर चेतावनी नहीं दी गई है। बिहार में भी 7 नवंबर को मौसम शुष्क रहने की उम्मीद है, हालांकि 10 नवंबर को कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
झारखंड में आज बारिश की संभावना नहीं है। हालांकि, 9 से 11 नवंबर के बीच कुछ जगहों पर बारिश हो सकती है। राजस्थान और मध्य प्रदेश में भी फिलहाल मौसम सामान्य बना रहेगा। इन राज्यों में अगले कुछ दिनों तक किसी बड़े मौसमी बदलाव की उम्मीद नहीं है।
पहाड़ी राज्यों में कब बदलेगा मौसम?
उत्तराखंड में 7 नवंबर को बारिश का कोई अलर्ट नहीं है। हालांकि, 8 और 9 नवंबर को कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। हिमाचल प्रदेश में भी आज मौसम सामान्य रहेगा। यहां 10 से 12 नवंबर के बीच बारिश होने की संभावना है। जम्मू-कश्मीर में 10 नवंबर से मौसम बदल सकता है। एक नया पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित कर सकता है। इसके कारण 10 से 12 नवंबर के बीच बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चलने का अनुमान है। कुछ जगहों पर भारी बारिश भी हो सकती है।
दक्षिण भारत में भारी बारिश का अलर्ट
तमिलनाडु में 7 नवंबर को कई जगहों पर बारिश होने की संभावना है। कुछ इलाकों में भारी बारिश के साथ बिजली गिरने और तेज हवाएं चल सकती हैं। पुडुचेरी और कराईकल में भी भारी बारिश का अलर्ट जारी है। केरल में 8 नवंबर तक बारिश का असर बना रह सकता है। वहीं, कर्नाटक के तटीय और दक्षिणी आंतरिक इलाकों में बारिश होने की संभावना है। आंध्र प्रदेश और यानम में भी हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। तेलंगाना में कुछ स्थानों पर बारिश का अनुमान है।
पूर्वोत्तर और द्वीपीय इलाकों में भी होगी बारिश
पूर्वोत्तर भारत के असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में आने वाले दिनों में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। अरुणाचल प्रदेश में भी 9 से 12 नवंबर के बीच बारिश होने का अनुमान है। कुछ इलाकों में 9 से 11 नवंबर के दौरान भारी बारिश हो सकती है। ओडिशा में आज हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। पश्चिम बंगाल और सिक्किम में फिलहाल भारी बारिश का अलर्ट नहीं है, लेकिन 9 नवंबर के बाद कुछ इलाकों में बारिश हो सकती है।
अंडमान-निकोबार में बारिश जारी
अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में भी बारिश का दौर जारी रह सकता है। 9 से 11 नवंबर के बीच कुछ जगहों पर भारी बारिश और बिजली गिरने की आशंका है। लक्षद्वीप में भी 8 नवंबर तक कई स्थानों पर बारिश हो सकती है।
ये भी पढ़ें- राहुल गांधी की PM मोदी को खुली चुनौती; अमित शाह से कहा- उन्हें बहस के लिए मनाइए, डरिए मत...
मौसम विभाग की सलाह
मौसम विभाग ने लोगों को भारी बारिश और तेज हवाओं के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी है। खराब मौसम में बिना जरूरी काम घर से बाहर न निकलें। बिजली चमकने पर पेड़ों और खुले मैदानों में खड़े होने से बचें। जलभराव वाली सड़कों और निचले इलाकों से दूर रहें। तेज हवाओं के दौरान कमजोर पेड़ों, बिजली के खंभों और होर्डिंग के पास न रुकें। वाहन चलाते समय सावधानी बरतें और मौसम विभाग की ओर से जारी अलर्ट का पालन करें।