अयोध्या: रामनगरी अयोध्या में सात नवंबर को आयोजित होने वाला दीपोत्सव इस बार कई मायनों में खास होने जा रहा है। दीपोत्सव में त्रेतायुगीन परंपरा की भव्य झलक देखने को मिलेगी। इस बार उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन महर्षि वशिष्ठ की भूमिका निभाते हुए भगवान श्रीराम और माता सीता का राजतिलक करेंगे। इसके बाद वह प्रभु श्रीराम की आरती भी उतारेंगे। अब तक राजतिलक की यह परंपरा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ निभाते रहे हैं, लेकिन इस बार उपराष्ट्रपति को यह जिम्मेदारी सौंपी गई है।

आयोजन को त्रेतायुगीन स्वरूप देने के लिए विशेष तैयारियां की जा रही हैं। भगवान श्रीराम, माता सीता, लक्ष्मण, भरत और शत्रुघ्न के स्वरूपों को पुष्पक विमान के प्रतीक हेलीकॉप्टर से लाने की तैयारी है। इसके बाद रामदरबार में राजतिलक का कार्यक्रम आयोजित होगा। समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, राज्यपाल आनंदीबेन पटेल सहित कई विशिष्ट अतिथि और संत-धर्माचार्य मौजूद रहेंगे।

5100 बातियों से जगमग होगा सरयू तट, 2147 अर्चक करेंगे महाआरती

दीपोत्सव का सबसे आकर्षक नजारा सरयू तट पर देखने को मिलेगा। यहां उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन 5100 बातियों से सरयू की महाआरती करेंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और राज्यपाल आनंदीबेन पटेल भी मौजूद रहेंगी। महाआरती के लिए 30 गुणे 20 वर्गफीट का विशेष मंच तैयार किया जा रहा है।

इस आयोजन में 2147 अर्चक और बटुक एक साथ सरयू की महाआरती करेंगे। सरयू की लहरों पर तैरते दीपों की रोशनी और आसमान में होने वाली आतिशबाजी दीपोत्सव की भव्यता को और बढ़ाएगी। धार्मिक अनुष्ठान और रोशनी का यह संगम रामनगरी के प्रमुख आकर्षणों में शामिल होगा।

रामदरबार में दिखेगी त्रेतायुग की झलक

इस बार दीपोत्सव की तैयारियां केवल राम की पैड़ी तक सीमित नहीं हैं। शहर के एक पार्क में भव्य रामदरबार तैयार किया जा रहा है। इसमें भगवान श्रीराम माता सीता, अपने अनुजों और हनुमानजी के साथ विराजेंगे। रामदरबार के सामने अतिथियों के बैठने की व्यवस्था की जा रही है। वहीं राम की पैड़ी के आसपास के भवनों को एक ही रंग में सजाया जा रहा है।

अयोध्या के बिजली के खंभों, पुलों, गलियों, मोहल्लों, चौराहों, घाटों और मठ-मंदिरों पर आकर्षक विद्युत सजावट की जा रही है। मकसद है कि दीपोत्सव के दौरान पूरी रामनगरी दीपों और रंगीन रोशनी से जगमगाती नजर आए।

शहर के प्रमुख चौराहों पर लगेंगी LED स्क्रीन

दीपोत्सव का नजारा अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के लिए शहर के प्रमुख चौराहों और तिराहों पर एलईडी स्क्रीन लगाई जाएंगी। इनके माध्यम से लोग आयोजन का सीधा प्रसारण देख सकेंगे। अचारी मंदिर, रामपथ, रामघाट, कारसेवकपुरम, टेढ़ी बाजार, हनुमानगढ़ी, बेनीगंज, साहबगंज, चौक बाजार, फतेहगंज, नाका चुंगी, सिविल लाइन और गांधी पार्क समेत कई प्रमुख स्थानों पर स्क्रीन स्थापित करने की तैयारी है।

इसके अलावा अयोध्या कैंट के हनुमानगढ़ी चौराहे पर भी एलईडी स्क्रीन लगाई जाएगी। इससे आयोजन स्थल तक नहीं पहुंच पाने वाले लोग भी दीपोत्सव की भव्यता और प्रमुख कार्यक्रमों को देख सकेंगे। इस बार अयोध्या का दीपोत्सव धार्मिक परंपराओं, सांस्कृतिक विरासत और आधुनिक तकनीक का अनूठा संगम बनने जा रहा है। उपराष्ट्रपति के हाथों रामदरबार का राजतिलक, 5100 बातियों से सरयू की महाआरती और पूरी नगरी की विद्युत सजावट इस आयोजन को खास बनाएगी।

Reported by:- Nitin Kumar

यह भी पढे़ं: असम में सरकारी कर्मचारियों की दूसरी शादी पर रोक, कैबिनेट का बड़ा फैसला; पूर्व सैनिकों को 45 साल तक नौकरी का मौका