Akash Anand Returns Bsp: बहुजन समाज पार्टी (BSP) में आकाश आनंद की एक बार फिर वापसी हो गई है। बसपा प्रमुख मायावती ने अपने भतीजे को पार्टी में वापस लेते हुए राष्ट्रीय संयोजक की जिम्मेदारी सौंपी है। यह फैसला ऐसे समय आया है जब उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियां तेज हो रही हैं।
आकाश आनंद को इससे पहले सितंबर में पार्टी से पूरी तरह अलग कर दिया गया था। उन्हें सभी संगठनात्मक जिम्मेदारियों से हटा दिया गया था। इसके बाद 2 अक्टूबर को आकाश आनंद ने मायावती से सार्वजनिक तौर पर माफी मांगी थी और उन्हें अपनी राजनीतिक गुरु बताते हुए दोबारा पार्टी के लिए काम करने का मौका मांगा था।
पहले हटाए गए, फिर मांगा था एक और मौका
आकाश आनंद ने अपने बयान में कहा था कि उन्होंने राजनीति में जो कुछ सीखा है, वह मायावती के मार्गदर्शन में सीखा है। उन्होंने यह भी साफ किया था कि वह किसी दूसरी राजनीतिक पार्टी में जाने वाले नहीं हैं और बसपा को अपना परिवार बताया था।इसके कुछ ही दिनों बाद मायावती ने उन्हें दोबारा पार्टी में शामिल करने का फैसला किया। अब आकाश आनंद को राष्ट्रीय संयोजक की जिम्मेदारी मिलने से बसपा संगठन में उनकी भूमिका फिर महत्वपूर्ण हो गई है।
आकाश आनंद और मायावती के बीच पहले भी कई बार बदले समीकरण
आकाश आनंद को पिछले कुछ वर्षों में बसपा में कई बार अहम जिम्मेदारियां मिलीं और फिर उनसे वापस ली गईं। 2024 में मायावती ने उन्हें राष्ट्रीय संयोजक पद से हटाया था और उस समय उन्हें अपना उत्तराधिकारी बताने का फैसला भी वापस ले लिया गया था। बाद में उन्हें फिर पार्टी में बड़ी जिम्मेदारी दी गई।2025 में भी उन्हें पार्टी से बाहर किया गया था, लेकिन बाद में यह फैसला पलट दिया गया। अगस्त 2025 में उन्हें राष्ट्रीय संयोजक की जिम्मेदारी दी गई थी। इसके बाद सितंबर 2026 में एक बार फिर उन्हें संगठन से अलग कर दिया गया था।
अब 2027 चुनाव से पहले फिर मिली जिम्मेदारी
आकाश आनंद की वापसी ऐसे वक्त हुई है जब मायावती उत्तर प्रदेश समेत दूसरे राज्यों में आगामी चुनावों को लेकर संगठन की तैयारियों की समीक्षा कर रही हैं। सोमवार को मायावती ने उत्तराखंड के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर चुनावी तैयारियों, मतदाता सूची और बूथ स्तर के संगठन पर भी चर्चा की।आकाश आनंद को राष्ट्रीय संयोजक बनाए जाने के बाद अब उनकी भूमिका आने वाले समय में बसपा के संगठन और चुनावी गतिविधियों में महत्वपूर्ण हो सकती है। हालांकि पार्टी की ओर से उनकी आगे की जिम्मेदारियों को लेकर विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है।