मद्रास हाईकोर्ट शुक्रवार को AIADMK के छह विधायकों के इस्तीफे स्वीकार करने के विधानसभा अध्यक्ष के फैसले को चुनौती देने वाली याचिकाओं पर अपना फैसला सुनाएगा। इन विधायकों पर TVK सरकार के समर्थन में पार्टी व्हिप के खिलाफ मतदान करने को लेकर अयोग्यता की कार्यवाही लंबित है। जिन छह विधायकों के मामले में विवाद है, उनमें मरगाथम कुमारवेल, पी. सत्यबामा, इसाक्की सुब्बैया, जयकुमार, एमआर विजयभास्कर और सी. विजयभास्कर शामिल हैं। विधानसभा अध्यक्ष जेसीडी प्रभाकर ने पहले इन विधायकों के इस्तीफे स्वीकार कर लिए थे।
मुख्य न्यायाधीश की पीठ के सामने रखी गईं दोनों पक्षों की दलीलें
इस फैसले को चुनौती देते हुए AIADMK के व्हिप अग्री कृष्णमूर्ति और नेशनल पीपुल्स पावर पार्टी के नेता रवि ने याचिकाएं दायर की थीं, उन्होंने विधानसभा अध्यक्ष के आदेश को रद्द करने की मांग की। मुख्य न्यायाधीश सुश्रुत अरविंद धर्माधिकारी और न्यायमूर्ति जी. अरुलमुरुगन की पीठ ने मामले की सुनवाई की। याचिकाकर्ताओं ने आरोप लगाया कि विधानसभा अध्यक्ष ने इस्तीफों पर कोई सार्थक जांच नहीं की, उन्होंने विधायकों की खरीद-फरोख्त के आरोपों को लेकर राज्यपाल से की गई शिकायत का भी जिक्र किया।
वहीं, इस्तीफा देने वाले विधायकों की ओर से दलील दी गई कि इस्तीफा देकर दूसरी पार्टी में शामिल होना लोकतांत्रिक राजनीति का हिस्सा है। विधानसभा सचिव की ओर से कहा गया कि यदि विधायक स्वेच्छा से इस्तीफा देते हैं, तो विधानसभा अध्यक्ष उसे स्वीकार करने से इनकार नहीं कर सकते। सभी पक्षों की दलीलें सुनने के बाद अदालत ने फैसला सुरक्षित रख लिया था, जिसे शुक्रवार सुबह सुनाया जाना है।
मदुरंथकम और धारापुरम उपचुनाव के नतीजे भी आज
हाईकोर्ट के फैसले के साथ ही तमिलनाडु की मदुरंथकम और धारापुरम विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव के नतीजे भी शुक्रवार को घोषित किए जाएंगे। दोनों सीटें मरगाथम कुमारवेल और पी. सत्यबामा के इस्तीफे के बाद खाली हुई थीं। शुक्रवार को कड़ी सुरक्षा के बीच दोनों सीटों पर मतगणना शुरू हो गई है। इन दोनों विधानसभा क्षेत्रों में 6 अक्टूबर को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक मतदान हुआ था। दोनों क्षेत्रों में कुल 2,85 मतदान केंद्रों पर वोट डाले गए, जबकि पंजीकृत मतदाताओं की संख्या 2,13,788 थी। उपचुनाव में कुल 27 उम्मीदवार मैदान में थे।
ये भी पढ़ें- बंगाल उपचुनाव में BJP की बढ़त से बदला सियासी माहौल, जानिए रेजीनगर-नंदीग्राम में क्या हैं हालात
हाईकोर्ट के फैसले और उपचुनाव के नतीजों पर टिकी राजनीतिक दलों की निगाहें
मदुरंथकम सीट पर TVK की मरगाथम कुमारवेल का मुकाबला DMK के परंथमन, AIADMK की कनिथा संपत, CPM की सुगंधी और NTK के जानकीरमन समेत अन्य उम्मीदवारों से है। वहीं, धारापुरम सीट पर TVK की पी. सत्यबामा के सामने DMK की सुगन्या, AIADMK की बानुमति, CPI के लक्ष्मणन और NTK की कार्तिका चुनाव मैदान में हैं। ऐसे में शुक्रवार को मद्रास हाईकोर्ट के फैसले और दोनों उपचुनावों के नतीजों पर राजनीतिक दलों की नजर टिकी हुई है।