पश्चिम बंगाल की रेजीनगर और नंदीग्राम विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव के नतीजों पर सभी की नजरें टिकी हैं। शुक्रवार सुबह 8 बजे से दोनों सीटों पर वोटों की गिनती शुरू हुई। शुरुआती रुझानों में रेजीनगर से बीजेपी उम्मीदवार सखारोव सरकार पोस्टल बैलेट में बढ़त बनाते नजर आए। वहीं, नंदीग्राम सीट पर भी बीजेपी उम्मीदवार हंशी रानी रथ आगे चल रही हैं।

रेजीनगर में दूसरे राउंड की गिनती में बीजेपी को बढ़त

रेजीनगर विधानसभा सीट पर दूसरे राउंड की मतगणना के दौरान बीजेपी उम्मीदवार सखारोव सरकार 15 हजार से अधिक वोटों से आगे चल रहे थे। वहीं, नंदीग्राम सीट पर पहले राउंड की गिनती पूरी होने के बाद बीजेपी उम्मीदवार ने बढ़त बना रखी थी। कांग्रेस उम्मीदवार मिलन प्रधान दूसरे स्थान पर बताए गए। दोनों सीटों पर मतगणना केंद्रों में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। अधिकारियों ने ईवीएम के वोटों की गिनती से पहले पोस्टल बैलेट और इलेक्ट्रॉनिक रूप से भेजे गए पोस्टल बैलेट की गणना की।

दोनों सीटों पर करीब 80 फीसदी मतदान

चुनाव आयोग के आंकड़ों के मुताबिक, दोनों विधानसभा क्षेत्रों में कुल लगभग 5.24 लाख मतदाता थे। इनमें से करीब 80 फीसदी लोगों ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। नंदीग्राम में 80.89 प्रतिशत, जबकि रेजीनगर में 80.08 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। हालांकि, मतदान के दौरान मतदाताओं को डराने-धमकाने और कुछ बूथों पर झड़प होने के आरोप भी सामने आए थे।

बंगाल की राजनीति में अहम है नंदीग्राम सीट

नंदीग्राम विधानसभा सीट पश्चिम बंगाल की राजनीति में खास महत्व रखती है। बीजेपी नेता शुभेंदु अधिकारी के 2026 के विधानसभा चुनाव में जीत दर्ज करने और बाद में यह सीट छोड़ने के कारण यहां उपचुनाव कराया गया। अब इस सीट के नतीजे पर राजनीतिक दलों की नजर बनी हुई है।

ये भी पढ़ें- चुनाव आयोग पर प्रशांत किशोर ने लगाया बड़ा आरोप, कहा- मुद्दा सिर्फ SIR..

हुमायूं कबीर के सीट छोड़ने से रेजीनगर में उपचुनाव

रेजीनगर विधानसभा सीट पर उपचुनाव आम जनता उन्नयन पार्टी (एजेयूपी) के अध्यक्ष हुमायूं कबीर के सीट छोड़ने के बाद कराया गया। इस सीट पर बीजेपी, तृणमूल कांग्रेस और एजेयूपी के बीच मुकाबला देखने को मिला। शुरुआती मतगणना में रेजीनगर और नंदीग्राम, दोनों सीटों पर बीजेपी उम्मीदवार बढ़त बनाए हुए थे।