आजकल भारतीय और ग्लोबल ऑटोमोबाइल बाजार में SUV गाड़ियों की मांग तेजी से बढ़ रही है। इसके बावजूद Hyundai ने सेडान कारों पर अपना भरोसा कायम रखा है। कंपनी ने अपनी मशहूर सेडान Elantra की 8वीं जनरेशन को नए हाइब्रिड अवतार में पेश किया है। इस बार कार के डिजाइन से लेकर फीचर्स और इंजन तक में कई बड़े बदलाव किए गए हैं।
नई Elantra में पहले से ज्यादा आकर्षक लुक, आधुनिक टेक्नोलॉजी और बेहतर माइलेज देने वाला हाइब्रिड इंजन मिलेगा। इसके केबिन में AI आधारित Gleo वॉयस असिस्टेंट भी दिया गया है। आइए जानते हैं नई Hyundai Elantra में क्या कुछ खास मिलने वाला है।
पहले से ज्यादा दमदार और आकर्षक होगा डिजाइन
नई Hyundai Elantra का डिजाइन पुराने मॉडल से काफी अलग रखा गया है। कंपनी ने इसमें अपनी नई Art of Steel डिजाइन थीम का इस्तेमाल किया है। कार के अगले और पिछले हिस्से को ज्यादा शार्प और स्पोर्टी बनाया गया है। इसमें चौड़े व्हील आर्च, मजबूत बॉडी लाइन और खास डिजाइन वाली रियर विंडो दी गई है। इसका डिजाइन Hyundai के N Vision 74 कॉन्सेप्ट और Nexo SUV से भी प्रेरित बताया जा रहा है।
साइज की बात करें तो नई Elantra की लंबाई 188.8 इंच और व्हीलबेस 108.3 इंच है। पुराने मॉडल के मुकाबले इसका व्हीलबेस 1.2 इंच बढ़ाया गया है। इसका फायदा पीछे बैठने वाले यात्रियों को मिलेगा। कंपनी के मुताबिक, दूसरी रो में 39.1 इंच का लेगरूम दिया गया है, जिससे लंबे सफर में भी बेहतर आराम मिल सकेगा।
नए डैशबोर्ड के साथ मिलेगी AI टेक्नोलॉजी
कार के इंटीरियर में भी बड़ा बदलाव देखने को मिला है। इसका डैशबोर्ड पहले से ज्यादा आधुनिक और प्रीमियम बनाया गया है। इसमें विंडशील्ड के पास 9.9 इंच की पतली डिस्प्ले और बीच में 12.9 इंच की बड़ी टचस्क्रीन दी गई है। इसमें Hyundai का Pleos Connect सिस्टम मिलता है, जो Android Automotive OS पर काम करता है। इसके साथ वायरलेस Apple CarPlay और Android Auto की सुविधा भी दी गई है।
इस कार का सबसे खास फीचर Gleo AI वॉयस असिस्टेंट है। इसकी मदद से ड्राइवर और यात्री बोलकर कई काम कर सकेंगे। खास बात यह है कि यह सिस्टम पहचान सकता है कि कार में किस सीट पर बैठा व्यक्ति बोल रहा है। इसके बाद उसी हिसाब से उसके निर्देशों पर काम करता है।
155 hp की पावर वाला हाइब्रिड इंजन
नई Hyundai Elantra Hybrid में 1.6-लीटर पेट्रोल इंजन के साथ 45kW की इलेक्ट्रिक मोटर दी गई है। दोनों की मदद से कार को कुल 155 hp की पावर मिलती है। इंजन के साथ 6-स्पीड डुअल-क्लच ऑटोमैटिक गियरबॉक्स जोड़ा गया है। माइलेज के मामले में भी यह कार काफी अच्छी बताई जा रही है। कंपनी के दावे के मुताबिक, नई हाइब्रिड Elantra करीब 22.5 किलोमीटर प्रति लीटर का माइलेज दे सकती है।
इसके अलावा कार में रीजनरेटिव ब्रेकिंग के साथ वन-पेडल ड्राइविंग का फीचर भी दिया गया है। इससे ब्रेक लगाने पर बैटरी चार्ज करने में मदद मिलती है। एक और खास सुविधा Stay Mode है। इसकी मदद से पार्किंग के दौरान इंजन चालू किए बिना करीब 30 मिनट तक AC और इंफोटेनमेंट सिस्टम का इस्तेमाल किया जा सकता है।
ये भी पढ़ें-BYD को बड़ा झटका, इस गाड़ी की नकल के आरोप में Ti7 SUV पर लगा बैन
पेट्रोल वेरिएंट में भी मिलेगा इंजन का विकल्प
जो ग्राहक हाइब्रिड कार नहीं खरीदना चाहते, उनके लिए नॉन-हाइब्रिड वेरिएंट का विकल्प भी मौजूद रहेगा। इसमें 2.0-लीटर पेट्रोल इंजन दिया जाएगा, जो 147 hp की पावर जनरेट करता है। इसके साथ CVT ऑटोमैटिक गियरबॉक्स मिलेगा।